रिवाल्वर साफ करते समय चली गोली पत्नि को लगी, पति ने भी लगाई फांसी, दोनों गंभीर

ग्वालियर.
ग्वालियर. ग्वालियर के जनकगंज इलाके में रहने वाले कारोबारी के हाथ से उस समय गोली चली जब वह अपनी रिवाल्वर साफ कर रहा था। गोली उसकी पत्नी के कन्धे में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद कारोबारी ने खुद गले में फंदा डाला और फांसी लगा ली, तभी उसकी मां और बहन पहुंच गए।
फिर दोनों को साथ में अस्पताल लेकर भागे। दोनों को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई थी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा विवेचना शुरू कर दी है हालांकि पुिलस इस पूरे मामले को संदिग्ध मान जांच कर रही है।
जनकगंज थाना क्षेत्र के छत्री बाजार के पास रहने वाले राजकुमार सिंह राजपूत पेशे से बीज कारोबारी है। उनकी दुकान और निवास एक स्थान पर हैं। वह बीज के थोक कारोबारी हैं। सोमवार रात करीब 9.30 बजे वह घर पहुंचे। खाना खाकर अपने कमरे में चले गए। इसके बाद उन्होंने अलमारी से अपनी रिवाल्वर निकाली। इस दौरान रिवाल्वर साफ करते समय गोली चल गई, उसी कमरे में उनकी पत्नी उषा राजपूत बैठी थीं। गोली सीधे उनके कन्धे में जा लगी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इसके बाद राजकुमार राजपूत ने गले में कपड़े से फंदा बनाकर डाला और पंखे से फांसी लगा ली। गोली की आवाज सुनकर घर में मौजूद उनकी बहन और मां दौड़कर आई। ऊषा को लहूलुहान देख और राजकुमार को फांसी के फंदे पर लटके देख इन लोगों की चीख निकल पड़ी। पड़ोसियों की मदद से फंदा खोला इसके बाद दोनों को अस्पताल लेकर भागे। जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। अत्यधिक खून बह जाने से ऊषा कोमा में हैं।यह जो गोली चलने और फांसी लगाने की कहानी बताई है, वह राजकुमार और ऊषा के परिवार वालों ने बताई है। अब पुलिस इसकी हकीकत जानने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की मदद भी ले रही है। जिस कमरे में यह पूरी घटना हुई उसे पुलिस ने सील कर दिया है। रात को सीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की जा रही है.