पत्नी से झगड़े के चलते पति ने तेजाब पीकर की आत्महत्या

ग्वालियर.
ग्वालियर के थाटीपुर इलाके में रहने वाले एक युवक ने तेजाब पीकर आत्महत्या कर ली। युवक का उसकी पत्नी से झगड़ा चल रहा था, इसके चलते उसकी पत्नी मायके में रहती थी। तभी से वह परेशान रहता था। पुलिस ने देर रात शव पोस्टमार्टम हॉउस भिजवाकर मर्ग क़ायम कर लिया है।
थाटीपुर थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि थाटीपुर स्थित अंबेडकर नगर में रहने वाला नजीम पुत्र करामत खान उम्र 30 वर्ष प्राइवेट काम करता था। उसकी शादी कुछ समय पहले डबरा की रहने वाली युवती से हुई थी। शादी के बाद दोनों में झगड़ा होने लगा, इसके चलते उसकी पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई। दोनों का डबरा कोर्ट में अभी मामला चल रहा है। बीती रात नजीम खाना खाकर अपने कमरे में चला गया। रात करीब 2:30 बजे अचानक उल्टी यों की आवाज सुनकर स्वजन उसके कमरे में गए। यह देखा तो वह उल्टियां कर रहा था और पास में ही तेजाब की बोतल पड़ी हुई थी। जब पूछा तो उसने कहा कि उसने तेजाब पी लिया है। तुरंत उसके परिवार वाले उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जयारोग्य अस्पताल में उसे भर्ती करवा दिया गया। यहां करीब 2 घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गोला का मंदिर थाने की पुलिस यहां पहुंची। शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया और मर्ग कायम किया। थाना प्रभारी विनय शर्मा ने बताया कि परिवार वालों का कहना है पत्नी के जाने के बाद से ही बहुत परेशान रहता था। उसने कई बार वापस आने के लिए बात की, लेकिन उसकी पत्नी नहीं मानी। आशंका है इसी के चलते उसने आत्महत्या की है।