आसमान साफ़ लेकिन तापमान में गिरावट, अगले 3 दिन बूंदाबांदी के साथ मौसम में रहेगा बदलाव

ग्वालियर.
जम्मू कश्मीर में 12 मार्च को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 13 से 15 मार्च के बीच दिखेगा। अंचल का मौसम बिगड़़ने से 13 मार्च से हल्के बादल छा जाएंगे और 14 से 15 मार्च के बीच में गरज चमक के साथ फिर से बूंदाबांदी के आसार हैं। तेज हवा भी चल सकती है। किसानों को फिर से प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि कम ऊंचाई के बादल छाए तो ओलावृष्टि भी संभावित है। अगले हफ्ते में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।राजस्थान में बना चक्रवातीय घेरा कमजोर पड़ गया। इस कारण शुक्रवार को आसमान साफ हो गया। उत्तरी हवा चलने की वजह से दिन का तापमान नहीं बढ़ सका। अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से 0.6 डिसे कम रहा। इस कारण दिन में गर्मी नहीं बढी और ठंडक रही। न्यूनतम तापमान भी 14.6 डिसे पर आ गया। रात में भी ठंडक आ गई है।दिन व रात का मौसम काफी अच्छा रहा। अंचल में हुई वर्षा के कारण तापमान स्थित रहा।
मार्च में लगातार पश्चिमी विक्षोभ आ रहे है। इस कारण हर हफ्ते मौसम बिगड़ रहा है। यह फसलों के लिए काफी नुकसान दायक है। क्योंकि सरसों व चने की फसल कटने लगी है और गेहूं की फसल पक रही है।- यदि वर्षा व ओलावृष्टी होती है तो फसलों में काफी नुकसान हो सकता है। वर्षा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। 12 मार्च को जो पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, उसका असर 13 से 15 मार्च के बीच पश्चिम व उत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर रहेगा। उसके बाद पूर्वी मध्य प्रदेश की ओर चला जाएगा। शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना पर ज्यादा प्रभाव पड़ेगा। ग्वालियर जिले की तहसीलें भी प्रभावित रहेंगी।