उदय तिथि में होलिका दहन के साथ होलीका महोत्सव शुरू, सर्राफा बाजार में आज शाम को जलेगी शहर की सबसे बड़ी होली

ग्वालियर. पूर्णिमा की उदय तिथियां में होलिका दहन के साथ शहर में होलिकात्सव शुरू हो गया है। जिन स्थानों पर सोमवार को होलिका दहन हो गया है, वहां रंग- गुलाल लगाने का सिलसिला शुरू हो गया है। विद्वानों के बीच मतभेद होने के कारण सराफा बाजार व राममंदिर में आज होलिका दहन किया जाएगा। धुलेंड़ी होली बुधवार को खेली जाएगी। इसी के साथ सामाजिक संस्थाओं के होली मिलन समारोह कार्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं और धीरे-धीरे शहर पर होली का रंग चढ़ता जा रहा है.
सोमवार को आधे शहर में होलिका दहन किया गया है। अचलेश्वर मंदिर, सनातन धर्म मंदिर आदि स्थानों पर होलिका दहन किया गया है। मंगलवार को भी आधे शहर में होलिका दहन होगा। पंचांग के आधार पर इस बार दो दिन होलिका दहन हो रहा है। पर धुलंडी बुधवार 8 मार्च को मनाई जाएगी।
लाल टिपारा गौशाला में खेली जाएगी आज वैदिक होली
प्रदेश की सबसे बड़ी गोशाला लाल टिपारा मुरार में अनूठी वैदिक होली मंगलवार को खेली जाएगी। होली पर गंदे कीचड़ का उपयोग करते हुये लोगों को नाले-नाली में गिराकर होली के स्वरूप बिगाड़ते हैं, किंतु लाल टिपारा गोशाला में मिट्टी स्नान की तर्ज गोबर से स्नान कराया जाता है।
सराफा बाजार में आज शाम होगा होलिका दहन
शहर में सराफा बाजार में व्यापारियों द्वारा सबसे बड़ी होलिका का दहन किया जाता है। आज शाम 7:00 बजे के लगभग होलिका का दहन किया जाएगा। इस होलिका में तकरीबन 50 हजार कंडे 5 सौ किलो लकड़ी जलाई जाएगी।