पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ते पारे में दिखी गिरावट, सुबह 9 बजे तक रहा हल्की ठंड का एहसास

ग्वालियर.
जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के बाद हवा का रुख उत्तर दिशा से हो गया है। यह हवा अपने साथ कश्मीर से ठंडक लेकर आने लगी है, जिससे शुक्रवार को शहर का मौसम बदल गया। न्यूनतम तापमान 13.8 डिसे रिकार्ड हुआ , जिससे रात में ठंडक बरकरार रही। सूर्य उदय के बाद भी ठंड का अहसास हुआ। सुबह नौ बजे तक गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ी। वहीं दिन में पश्चिमी हवा शांत रहेगी। इस कारण दिन में गर्मी से राहत रहेगी। अधिकतम तापमान 30 डिसे रिकार्ड होने के आसार हैं। 25 फरवरी को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसकी वजह से 26 फरवरी से फिर से तापमान बढ़ना शुरू हो जाएगा। मौसम में गर्माहट आएगी।
फरवरी में अबतक सात पश्चिमी विक्षोभ आ चुके हैं। ये काफी कमजोर होने की वजह से मौसम को प्रभावित नहीं कर सके। इस कारण उत्तरी हवा स्थिर नहीं हो सकी और पश्चिमी हवा का चलना जारी रहा। पश्चिमी हवा की वजह से समय से पहले ठंडक घट गई। दिन व रात का तापमान सामान्य से काफी ऊपर पहुंच गए। इस बढ़ोतरी की वजह से फसलों पर संकट आ गया था, लेकिन मौसम में जो ठंडक बढ़ रही है, वह फसलों के लिए काफी फायदेमंद रहेगी।वैसे शहर में होली तक गर्म कपड़ों की जरूरत पड़ती है, लेकिन इस बार ठंडक जल्द विदा होने की वजह से 20 फरवरी के पहले से ही गर्म कपड़ों की जरूरत नहीं पड़ रही है। पंखे भी चालू हो गए हैं। इससे शहर में बिजली की खपत में एक लाख यूनिट की बढ़ोतरी हुई है। व्यापारिक संस्थानों में एसी भी चलने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के आने की यही स्थित रही तो होली के बाद कूलर व एसी चलना शुरू हो जाएंगे।