गर्मी से तपने लगा शहर, दिन के साथ-साथ अब रात में भी ठंड की विदाई, घरों में चलने लगे पंखे

ग्वालियर.
फरवरी में ही शहर गर्मी से तपने लगा है। दिन के साथ-साथ अब रात में भी ठंड की विदाई हो गई है। न्यूनतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो सामान्य से 4.3 डिसे अधिक रहा। रात के मौसम में आई गर्माहट से पंखे के चलाने पड़े हैं। यदि हवा का रुख उत्तर दिशा से नहीं होता है तो गर्मी 57 साल (1966) का रिकार्ड भी तोड़ सकती है। दिन का तापमान 35 डिसे ऊपर दर्ज होने के आसार जताए हैं।
जम्मू कश्मीर में कमजोर पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं। इस कारण पश्चिमी विक्षोभ मैदानी इलाके के मौसम को प्रभावित नहीं कर पा रहे हैं। हवा का रुख पश्चिमी हो गया है। पश्चमी हवा अपने साथ राजस्थान से गर्मी लेकर आ रही है। अगले दो दिनों में गुजरात में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच जाएगा। इसका असर भी ग्वालियर चंबल संभाग पर रहेगा। अभी दोनों दिनों तक तापमान में बढ़ोतरी के आसार हैं। दिन के तापमान में दो से डेढ़ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावन है। 22 फरवरी के बाद मौसम में कुछ बदलाव आ सकते हैं, क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ गुजर जाएगा। पश्चिमी हवा शांत हो सकती है और उत्तरी हवा दस्तक दे सकती है।
2018 में भी हुआ था इस तरह का मौसम
वर्ष 2018 में भी इस तरह का मौसम हुआ था। फरवरी में वर्षा नहीं हुई थी, लेकिन तापमान 24 फरवरी को 35 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच था, लेकिन इस बार तापमान तीन दिन पहले ही 35 डिसे के ऊपर पहुंच गया।इस बार फरवरी में ठंड नहीं पड़ी। जनवरी के समाप्त होने के बाद दिन व रात का तापमान सामान्य से ऊपर रहा है।दिन में गर्मी बढ़ने की वजह से गर्म कपड़े पहनने की जरूरत नहीं रही है। लोगों ने गर्म कपड़े रख दिए। मौसम में गर्माहट आने की वजह से पंखे चालू हो गए हैं। साथ ही मच्छर भी बढ़ना शुरू हो गए हैं।स्कूलों का समय यथावत हो गया है। प्रशासन ने ठंड की वजह से स्कूलों का समय साढ़े नौ बजे के बाद कर दिया था।