दुष्कर्म के मामले में राजीनामा का दबाव बनाने युवती पर देर रात हमला, गंभीर हालत में अस्पताल कराया भर्ती

ग्वालियर.
उपनगर ग्वालियर में रहने वाली युवती पर जानलेवा हमला किया गया है। हमला करने वाला आरोपि पूर्व में युवती के साथ दुष्कर्म कर चुका है, इस संबंध में युवती उस पर दुष्कर्म की एफ आई आर भी दर्ज करवा रखी है। वह कई दिनों से पीड़िता को धमका रहा है। रात करीब 9 बजे उसने अपने स्वजनों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। ग्वालियर थाना पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की एफ आई आर दर्ज कर ली है। युवती की हालत गंभीर बताई गई है।
ग्वालियर थाना पुलिस के अनुसार उपनगर ग्वालियर में रहने वाली एक युवती के साथ अश्विनी नाम के युवक ने दुष्कर्म किया था। युवती की शिकायत पर पुलिस ने अश्विनी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर की। इसके बाद अश्विनी और उसके परिवार वाले पीड़िता को धमकाने लगे। इसके चलते पीड़िता ने राजीनामा के लिए धमकाने की एफआइआर भी दर्ज करवाई। रात में अश्विनी, प्रतीक और शिल्पी ने पीड़िता के साथ घर में घुसकर मारपीट की। उसे जमकर पीटा और सिर में लोहे का सरिया मारा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी। पिता के परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए। पुलिस को भी सूचना दी गई। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास की एफआईआर दर्ज की है। पुलिस द्वारा आरोपी युवक की तलाश की जा रही है.