झारखंड रोप-वे रेस्क्यू के दौरान महिला गिरी, सेफ्टी बेल्ट बंधे होने के कारण बची जान; एक व्यक्ति अभी भी फंसा,रेस्क्यू रोका गया

झारखंड के देवघर में त्रिकुट पर्वत पर रोप-वे हादसे के तीसरे दिन भी रेस्क्यू के दौरान हादसा हो गया। ट्रॉली से निकालते समय एक महिला अचानक गिरने लगी। सेफ्टी बेल्ट होने की वजह से झटका लगा। इसके बाद टीम महिला की जमीन पर लैंडिंग कराने लगी। इसी दौरान वह गिर गई। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को भी रेस्क्यू के दौरान हेलिकॉप्टर से गिरने से एक युवक की मौत हो गई थी। अभी रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया है। एक व्यक्ति ट्रॉली में अभी भी फंसा हुआ है।
तीसरे दिन 6 घंटे से ऑपरेशन चल रहा है। एयरफोर्स और आईटीबीपी के जवानों ने हेलिकॉप्टर से 2500 फीट ऊंचाई पर पहुंचकर रोप-वे की तीन ट्रॉलियों में फंसे 13 को निकाल लिया है।
ऊंचाई और तेज हवा होने की वजह से यह सबसे मुश्किल रेस्क्यू है। रेस्क्यू के दौरान एक जवान के पैर में चोट लग गई। इससे पहले दो दिन में 46 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। अभी छठी लाल साह फंसे हुए हैं।एक दिन पहले, सोमवार को सेना, वायुसेना, ITBP और NDRF की टीमों ने 12 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया था। इसमें 33 लोगों को तीन हेलिकॉप्टर और रस्सी के सहारे बचाया गया था। रेस्क्यू के दौरान सेफ्टी बेल्ट टूट जाने के कारण एक व्यक्ति की हेलिकॉप्टर से नीचे गिर कर मौत हो गई। अंधेरा और कोहरा हो जाने की वजह से ऑपरेशन बंद कर दिया गया था। अब तक कुल तीन लोगों की मौत हुई है। एक की पुष्टि प्रशासन ने नहीं की है। 12 लोग घायल हैं।