ग्वालियर में बदल रही पारे की चाल, गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय बदलाव की मांग

ग्वालियर।
.। जिले में तापमान ने धीरे-धीरे रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पारा 41 डिग्री सेल्सियस से अधिक हो चुका है। प्रदेश के तीन महानगरों में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव भी कर दिया गया है, लेकिन प्रदेश का इकलौता महानगर ग्वालियर है जहां अभी स्कूलों का समय परिवर्तित करने के लिए अफसर और गर्मी का इंतजार कर रहे हैं। अफसरों का कहना है कि अभी गर्मी का इतना प्रकोप नहीं है। पारा और बढ़ने पर स्कूलों के समय में परिवर्तन किया जाएगा।
प्रदेश के चार बड़े शहरों में भोपाल में दिन, तो इंदौर की रात सबसे गर्म रही हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 41.1 और रात का पारा 21.5 डिग्री जा रहा है, जबकि इंदौर में दिन का तापमान 39.9 और रात में 22.2 डिग्री रहा। जबलपुर में भी रात का तापमान 21 डिग्री के पार ही रहा। इंदौर व भोपाल के मुकाबले ग्वालियर में तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसके बावजूद स्कूलों के समय में परिवर्तन को लेकर कोई निर्णय नहीं लिया गया है। गर्मी बढ़ने के साथ ही भोपाल, इंदौर और जबलपुर समेत कई जिलों में सरकारी-प्राइवेट स्कूलों की टाइमिंग कम कर दी गई है। भोपाल में अब सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक स्कूल लगेंगे। जबलपुर में भी सुबह सात से दोपहर 12 बजे तक टाइमिंग तय की गई है। इंदौर में सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल टाइमिंग तय की गई है। आंगनबाड़ियों का समय सुबह 8.30 से 11.30 बजे तक रहेगा। नर्मदापुरम में सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक स्कूल लगेंगे। खंडवा में कलेक्टर अनूप सिंह ने आदेश जारी कर स्कूलों के समय में परिवर्तन किया है। भीषण गर्मी को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के स्कूल अब सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुलेंगे। छिंदवाड़ा में कलेक्टर सौरभ कुमार सुमन ने स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे तक तय की है। वहीं दमोह में टाइमिंग 9.15 से दोपहर 1.15 बजे तक की गई है। इसे और भी घटाया जा सकता है।