मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, कांग्रेस ने सन्यास की उम्र में कमल नाथ को बांधा सेहरा

भोपाल । वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का चेहरा कमल नाथ ही होंगे। उनके नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुटता के साथ चुनाव अभियान में जुटेगी। वरिष्ठ नेताओं के जल्द ही संयुक्त दौरे प्रारंभ होंगे। महंगाई, बेरोजगारी सहित जनता से जुड़े मुद्दों पर जन आंदोलन शुरू किए जाएंगे। यह निर्णय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के सरकारी आवास पर देर शाम हुई बैठक में लिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि पार्टी से जुड़े जो निर्णय वे लेंगे, उसमें सबकी सहमति होगी। मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस पर तंज करते हुए कहा कि 2023 का मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव कमल नाथ के नेतृत्व में लड़ने का फैसला कर कांग्रेस ने संन्यास की उम्र में सेहरा बांधा है। चुनाव के वक्त कमल नाथ की उम्र 77 वर्ष की होगी, इससे समझ में आ रहा है कि भविष्य में किसके नेतृत्व में सड़क पर लड़ने का संकल्प लिया जा रहा है।
काफी समय बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह, सुरेश पचौरी, अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री एक साथ बैठे। करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में चुनाव की तैयारी के साथ जन आंदोलन की कार्ययोजना पर चर्चा की गई। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि आपके नेतृत्व में पूरी पार्टी एकजुट है। इसमें किसी को कोई भ्रम नहीं है। यही बात पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने भी कही। कमल नाथ ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति, महंगाई, बेरोजगारी, किसान से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए बैठक में कहा कि प्रदेश में कोई भी वर्ग सरकार से संतुष्ट नहीं है। हम जल्द ही जन आंदोलनों की शुरुआत करेंगे।