Now Reading
अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया पुलिस का वाहन, एएसआइ और आरक्षक घायल

अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराया पुलिस का वाहन, एएसआइ और आरक्षक घायल

दमोह। जिले के मडियादो थाना अंतर्गत शुक्रवार की सुबह ग्राम कलकुआं के समीप पुलिस का वाहन अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया जिससे वाहन में सवार सहायक उप निरीक्षक एवं आरक्षक घायल हो गए। जिन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें दमोह के जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

दमोह जिले के मड़ियादो थाना के ग्राम कलकुआ में गुरुवार की रात किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसमें शराबखोरी को लेकर दयाराम बंजारा एवं एक अन्य पक्ष में विवाद हो गया था। इस बात की जानकारी लगने के बाद मडियादो थाना में पदस्थ सहायक निरीक्षक विनोद करोलिया एवं आरक्षक सूरज अहिरवार रात 12 बजे ग्राम कलकुआं गए थे। वहां पर दोनों पक्षों को समझाइश देने के बाद उनमें आपसी सामंजस्‍य बैठाने के उपरांत मडियादो थाना वापस लौट रहे थे कि शुक्रवार की सुबह अचानक ही ग्राम कलकुआं के समीप मुरम खदान के पास पुलिस वाहन क्रमांक एमपी 03 ए 8752 अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे उतर गया। वाहन इतना तेज था कि सीधा एक पेड़ से टकरा गया जिससे उसके आगे का संपूर्ण भाग क्षतिग्रस्त हो गया। इस वाहन में सवार सहायक उपनिरीक्षक विनोद करोलिया एवं आरक्षक सूरज अहिरवाल गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तत्काल ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो के उपरांत हटा भेजा गया था। जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर एएसआइ विनोद करोलिया को सागर एवं आरक्षक सूरज अहिरवाल को जिला अस्पताल दमोह रेफर किया गया है। इस संबंध में मडियादो थाना प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि कलकुआं से लौटते वक्त मोड़ पर मुरम खदान के समीप गाड़ी अनियंत्रित हो गई थी जिस कारण से यह घटना घटित हुई।

 

उल्लेखनीय है कि इस मोड़ पर पूर्व में भी अनेक घटनाएं घटित हो चुकी हैं क्योंकि वहां पर किसी भी प्रकार के कोई सांकेतिक निशान नहीं लगे हुए हैं और वाहन के तेज गति के आने के कारण अचानक मोड आ जाने के कारण भी वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं। उस सड़क से निकलने वालों को इस मोड़ की जानकारी ना होने के कारण भी आए दिन यहां पर इस प्रकार की घटनाएं घटित होती रहती हैं।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top