गर्मी के तीखे तेवर, राजस्थान की गर्म हवाओं ने बढ़ाई तपिश

ग्वालियर। राजस्थान से आ रही गर्म हवा से फिर से गर्मी का बढ़ना शुरू हो गया है। अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। इससे गर्मी की चुभन अधिक रही। पंखे व एसी चलने से बिजली की खपत में भी 6 लाख यूनिट की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में राहत की उम्मीद नहीं जताई है। तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के आसार जताए हैं। रात के तापमान में भी उछाल आ सकता है। गर्मी और बढ़ेगी। हालांकि 48 घंटे तक लू के आसार नही हैं। 22 मार्च से गर्मी और बढ़ सकती है, क्योंकि ग्वालियर संभाग का गुना व अशोक नगर लू की चपेट में रहेगा।दक्षिण पूर्वी मध्य प्रदेश में चक्रवातीय घेरा बनने से हवा का रुख पश्चिम से हो गया है। यह हवा गुजरात व राजस्थान से गर्म हवा लेकर आ रही है। गर्म हवा व सूरज की किरणें सीधी पड़ने से गर्मी बढ़ गई है। सुबह से ही सूरज की तल्खी बढ़ जाती है। शनिवार को फिर गर्मी बढ़ गई। सुबह के समय उमस रही। गर्मी बढ़ने पर दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही। दिन में गर्म हवा चल रही थी। शाम के समय भी गर्म हवा का अहसास हो रहा था।