दिग्विजय सिंह का फिर विवादित बयान, कहा सावरकर के मुताबिक गोमांस खाना बुरा नहीं

भोपाल । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वीर सावरकर ने अपनी किताब में लिखा है ‘जो गाय अपने मल में ही लोट ले, वो हमारी माता कैसे हो सकती है, गोमांस खाने में भी कोई बुराई नहीं है।’ हालांकि दिग्विजय सिंह ने किताब का नाम नहीं बताया। दिग्विजय भोपाल स्थित नर्मदा भवन मंदिर में कांग्रेस के जनजागरण अभियान को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने सावरकर की किताब के ही हवाले से यह भी कहा कि हिंदू और हिंदुत्व में कोई नाता नहीं है। तमाम हिंदू गोमांस खाते हैं और पूछते हैं कि कहां लिखा है कि गोमांस नहीं खाना चाहिए। दिग्विजय ने यह भी कहा कि अधिसंख्य हिंदू गोहत्या के खिलाफ हैं। दिग्विजय ने कहा कि हमारी लड़ाई आरएसएस की विचारधारा से है। अगर वर्ष 2024 में मोदी फिर आ गए या भाजपा आ गई तो सबसे पहले संविधान बदल देंगे, आरक्षण खत्म कर देंगे। इन लोगों ने रसिया (रूस)-चीन माडल अपना लिया है।
गाय हमारी माता है : लक्ष्मण कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के भाई कांग्रेस विधायक लक्ष्मण सिंह ने ट्वीट कर कहा कि गाय हमारी माता स्वरूप है। उसके भक्षण के बारे में सोचना भी पाप है। हम बेरोजगारी, महंगाई पर चिंता करें, चर्चा करें तो उचित होगा। उनके इस ट्वीट पर लोग प्रतिक्रिया कर रहे हैं। एक व्यक्ति ने टिप्पणी किया कि यह बात आप अपने भाई को समझाएं।