दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर कर रहे भजन, भाजपा विधायक समर्थकों के साथ स्वागत को तैयार

राजधानी में भाजपा और कांग्रेस नेताओं का ‘घुटना तोड़ने’ से शुरू हुई राजनीति के बाद बुधवार को रामधुन पर आमना-सामना हो गया। दिग्विजय सिंह कांग्रेस नेताओं के साथ मिंटो हॉल स्थित गांधी प्रतिमा से हुजूर सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा के घर की तरफ बढ़े। रामेश्वर शर्मा के घर के पास बैरिकेडिंग से कुछ दूर पहले ही सड़क पर बैठक कर भजन करने लगे।
वहीं विधायक शर्मा अपने समर्थकों के साथ रामधुन छोड़कर बाहर निकल आए। बाद में पुलिस ने सभी को अंदर किया। यहां दोबारा भजन शुरू हुआ। इसके पहले दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा कि भाजपा विधायक ने कांग्रेसियों के सामने घुटने टेक दिए।पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा कि हे भाइजपाइयों, हे संघियों… हमारे साथ बैठकर रामधुन गाओ। रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम…ईश्वर अल्लाह तेरो नाम। इस पर रामेश्वर शर्मा ने पलटवार करते हुए री-ट्वीट किया- मंदिर-स्कूलों में तो 70 साल से बज रही है। मस्जिदों और मदरसों में बजवाइए तो बड़ी मेहरबानी होगी राजा साहब।
विधायक निवास जाने वाले रास्ते बंद किए
वहीं, पुलिस ने रामेश्वर शर्मा के निवास की तरफ आने वाले तीनों रास्ते बैरिकेड्स लगाकर बंद किए। युवा सदन से विधानसभा की तरफ जाने वाला रास्ता, एमएलए रेस्ट हॉउस और राजभवन की तरफ आने वाले रास्ते बैरिकेडिंग लगा कर बंद किए।उधर, रामेश्वर शर्मा ने भी रामधुन करने के लिए अपने निवास युवा सदन को भगवा रंग से सजाया है। यहां झंडे, टेंट और स्वागत द्वार बनाया गया है। दिग्विजय सिंह के स्वागत के लिए तैयार द्वार पर रामधुन और जय श्री राम के नारे के साथ ही भगवान राम का चित्र है। रामधुन करने वाले रामभक्तों के लिए प्रसाद में हलवा, पूड़ी और सब्जी के प्रसाद का भी इंतजाम किया गया है।