उत्तर से आ रही हवा के चलते रात में ठंड बढ़ी, दिन का तापमान सामान्य से नीचे ,गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे

ग्वालियर । उत्तर से आ रही हवा के चलते रात के तापमान में कमी आई है, जिससे रात में ठंड बढ़ गई है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8.8 डिसे पर स्थिर रहा, जाे सामान्य से 4.3 डिसे कम रहा है। इससे रात व सुबह के समय ठंड की चुभन बढ़ गई। ग्वालियर सबसे ज्यादा ठंडा बना हुआ है। वहीं दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहने से दिन में ठंडक का अहसास होने लगा है। लोगों को दिन में गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। सूर्य अस्त के बाद ठंड बढ़ गई और रात व सुबह में अलाव जलाने पड़ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आएगी। 18 नवंबर से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। बादलों की वजह से तापमान में बढ़ोतरी होगी। बारिश के बाद मौसम में नमी आ जाएगी। घना कोहरा दस्तक दे सकता है।
उत्तरी हवाओं का आना जारी है। यह हवा अपने साथ जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक लेकर आ रही हैं, जिससे दो दिन से तापमान में गिरावट दर्ज हई। तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। इससे रात में ठंड बढ़ गई। यह ठंड नवंबर के अंत के दिनों आती है, लेकिन इस बार 10 से 12 दिन पहले आ गई। ठंड के कारण गर्म कपड़े निकल गए। अब दिन में भी गर्म कपड़े पहनने पड़ रहे हैं। तापमान सामान्य से नीचे रहने की वजह से चुभन बढ़ी हुई है। इसके अलावा रात व सुबह के समय कोहरा भी छा रहा है। सुबह दृश्यता 800 से 1000 मीटर के करीब चल रही है।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह दक्षिण भारत की ओर से जा रहा है, लेकिन इस सिस्टम का असर उत्तर भारत पर भी रहेगा। हवा का रुख बदलने से नमी का आना शुरू होगा।
– नमी आने से दिन व रात के तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो जाएगा। नमी के कारण ठंड की चुभन भी घट जाएगी।
-18 से 20 नवंबर के बीच गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। बारिश का असर खत्म होने के बाद घना कोहरा दस्तक दे सकता है। उत्तरी हवाओं का आना शुरू हाे जाता है तो शहर में कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो जाएगी।