जंबूरी मैदान पहुंचे सिंधिया अलग अंदाज में आए नजर, आदिवासियों के साथ किया नृत्य
November 15, 2021

भोपाल। पीएम नरेद्र मोदी भोपाल पहुंच गए हैं। उनके विमान ने स्टेट हैंगर पर लैंड किया । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने स्टेट हैंगर पर प्रधानमंत्री की अगवानी की। वे अमर शहीद बिरसा मुंडा की जयंती पर जंबूरी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे। वे आदिवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। इसके बाद वे पीपीपी मॉडल पर 100 करोड़ रुपए में विकसित रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (हबीबगंज) का लोकार्पण करेंगे। मोदी भोपाल में करीब 3 घंटे 50 मिनट रहेंगे।उधर, जंबूरी मैदान पर भाजपा समर्थकों और आदिवासियों का आना शुरू हो गया है। ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में पूरे राज्य से करीब 2 लाख आदिवासी आ सकते हैं। आदिवासियों में जबरदस्त उत्साह है। वे डांस करते हुए जंबूरी मैदान आ रहे हैं। कई मंत्री भी आ चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी यहां अलग अंदाज में नजर आए उन्होंने आदिवासियों को संबोधित किया और झाबुआ से आए आदिवासियों के साथ भगोरिया नृत्य किया।एयरपोर्ट पर कई मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने सिंधिया का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के लिए जो पिछली सरकारों ने नहीं किया, वो आज प्रधानमंत्री मोदी करने जा रहे हैं।
पीएम विजिट की वजह से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के आसपास की सभी दुकानें बंद हैं। हबीबगंज अंडरब्रिज से आगे का रास्ता बंद कर दिया गया है। गोविंदपुरा भेल से अवधपुरी चौक और बोर्ड ऑफिस से रानी कमलापति स्टेशन तक का रास्ता बंद है। रानी कमलापति (पुराना नाम हबीबगंज) रेलवे स्टेशन पर भी तगड़ी सुरक्षा है। बसों का रूट बदल जाने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। ऑटोवाले दोगुना किराया ले रहे हैं। इससे ज्यादातर लोग पैदल ही रास्ता तय कर रहे हैं।