फर्रुखाबाद जेल में कैदियों का उपद्रव:साथी की मौत से गुस्साए कैदियों ने लगाई आग, डिप्टी जेलर को पीटा, कई राउंड फायरिंग

फर्रुखाबाद जिला जेल में साथी की मौत पर कैदियों ने रविवार सुबह जमकर उपद्रव किया। कैदियों ने तोड़फोड़ कर पूरी जेल पर कब्जा कर लिया। इस दौरान आगजनी की गई। धुआं उठता देख अलार्म बजाया गया। पुलिसकर्मी कैदियों को काबू करने के लिए दौड़े तो उन्होंने पथराव कर दिया।
मेन गेट पर भी कैदियों ने कब्जा कर लिया। कैदियों ने डिप्टी जेलर शैलेश सोनकर से मारपीट की है। इस दौरान जेलर अखिलेश कुमार का सरकारी मोबाइल मौके पर छूट गया। सूचना है कि कैदी जेलर के मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे हैं।
सुबह 8 बजे से शुरू हुआ उत्पात अभी शांत नहीं हुआ है। 14 थानों की फोर्स मौके पर है। डीएम और एसपी भी पहुंचे हैं, लेकिन वे जेल के भीतर नहीं जा पाए हैं। कैदियों को शांत करने के लिए कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। इस दौरान एक बंदी शिवम घायल हुआ है। जबकि सिपाही जितेंद्र की आंख में पत्थर लगा है। कैदियों का आरोप है कि डेंगू पीड़ित कैदी के इलाज में लापरवाही बरती गई है।
फतेहगढ़ सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक प्रमोद शुक्ला ने बताया कि फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र निवासी संदीप हत्या के मामले में जिला जेल में बंद था। उसे कुछ दिन पहले डेंगू हुआ था। हालत बिगड़ने पर उसे सैफई रेफर किया गया था, जहां शनिवार शाम उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल के कैदियों को इसकी जानकारी सुबह नाश्ते के समय हुई। जिसके बाद कैदियों ने संगठित रूप से उपद्रव शुरू कर दिया।
वहीं, कैदियों का आरोप है कि संदीप को डेंगू था। उसे समय से इलाज नहीं मिला। इसलिए उसकी मौत हो गई। दिवाली के दिन सही भोजन न दिए जाने का भी कैदियों ने आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दिवाली पर अहाते न खोले जाने से कैदी अन्य लोगों से मिल नहीं सके थे।
जेल अधिकारियों पर हमला किया, डिप्टी जेलर को पीटा
कैदी साथी की मौत से आक्रोशित थे। उन्होंने अधिकारियों पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए जेल अधिकारियों पर हमला कर दिया। जिसमें डिप्टी जेलर को पीटा भी गया। डिप्टी जेलर घायल हुए हैं। यही नहीं कैदियों ने जेल में आगजनी भी की है। कैदियों ने जेल में तोड़फोड़ कर कब्जा कर लिया है। कैदी पुलिस पर भी पथराव कर रहे हैं। मेन गेट पर कब्जा होने के कारण पुलिस अंदर नहीं जा पा रही है। कैदी लगातार पुलिस पर पथराव कर रहे हैं। पुलिस भी बचाव में फायरिंग कर रही है। जेल में बवाल के दौरान हुए पथराव से थाना मऊदरवाजा का सिपाही जितेंद्र कुमार भी घायल हो गया है।