राज्यमंत्री की फॉलो गाड़ी के सामने आई वृद्ध महिला , हाथ में गंभीर चोट लगी, मंत्री उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे

अशोकनगर । सोमवार को दोपहर करीब 1 बजे कोलुआ रोड पर राज्यमंत्री बृजेंद्र सिंह की फॉलो गाड़ी के सामने एक वृद्ध महिला आ गई, जिससे महिला के हाथ में गंभीर चोट लगी। वहीं शरीर में भी चोटें आई हैं, जिसे मंत्री ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजकर वह खुद भी अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का उपचार कराया। वहीं घायल महिला की आर्थिक सहायता भी की है।
मिली जानकारी के अनुसार राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव अपने सुरैल गांव से अशोकनगर आ रहे थे। जैसे ही शंकर कॉलोनी के पास विवेकानंद स्कूल के पास पहुंचे तो अपने पोते को स्कूल से घर लेने जा रही वृद्ध महिला चतरो बाई अहिरवार फॉलो गाड़ी के सामने आ गई, जिससे वह घायल हो गई। इसके बाद फॉलो गाड़ी से जिला अस्पताल लेकर आए। कुछ देर बाद राज्य मंत्री बृजेंद्र सिंह यादव भी मौके पर पहुंचे और वृद्ध महिला का उपचार करवाया।
महिला के परिजनों को आश्वासन दिया कि आपको उपचार के लिए भोपाल भी जाना पड़े तो मुझे बता देना। आर्थिक सहायता के तौर पर राज्यमंत्री ने महिला के परिजनों को कुछ रुपए भी दिए।
राज्यमंत्री बृजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि महिला गाड़ी के सामने आ गई थी। जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है और हमारा कर्तव्य बनता है कि कोई भी गरीब व्यक्ति परेशान हो तो उसकी मदद करना चाहिए। इसी प्रकार वृद्ध महिला की मदद की है।
हालांकि घटना के कुछ समय बाद वृद्ध महिला का रिश्तेदार पहुंचा और उसने बताया कि स्कूल में बच्चों को लेने आ रही थी। तभी राज्यमंत्री की फाॅलो गाड़ी के सामने आ गई, जिससे वह घायल हो गई, जिसे मंत्री ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार चल रहा है।