उपचुनाव वोटिंग:भाजपा ने अब तक 21 शिकायतें चुनाव आयोग से की, सीएम बोले- मतदाताओं को कांग्रेस के लोग धमका रहे हैं

मध्यप्रदेश में शनिवार काे खंडवा लोकसभा चुनाव और विधानसभा सीट रैगांव, जोबट और पृथ्वीपुर में उपचुनाव की वोटिंग चल रही है। इस बीच भाजपा ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया है। जेपी की चुनाव प्रबंधन समिति के संयोजक भूपेंद्र सिंह ने कहा, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस नेताओं ने मारपीट की है। पृथ्वीपुर में भाजपा प्रत्याशी शिशुपाल यादव को धमकी दी गई है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस चारों सीटों पर हार को लेकर बौखला गई है। जनता को धमका रहे हैं कांग्रेस के लोग। अब तक भाजपा ने चुनाव आयोग को 21 शिकायतें की हैं।
वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर चुनाव प्रभावित करने का आरोप लगाया है। खरगोन में चुनाव ड्यूटी में लगे एक टीचर की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं खंडवा में बैतूल सांसद दुर्गादास उइके की गाड़ी का 1500 रुपए का चालान काटा गया। गाड़ी में सांसद नहीं थी, लेकिन उनका स्टाफ हूटर बजा कर जा रहा था। आचार संहिता के उल्लंघन पर यह कार्रवाई की गई है।
दोपहर 3 बजे मध्यप्रदेश में 55% से ज्यादा की वोटिंग हो चुकी है। सबसे ज्यादा पृथ्वीपुर में 68%, रैगांव में 56 फीसदी, जोबट में 46% से ज्यादा मतदान हुआ है। खंडवा में 50 फीसदी वोटिंग हुई है। पृथ्वीपुर में 2018 में 80% वोटिंग हुई थी। वहीं खंडवा लोकसभा क्षेत्र में लोगों ने चार जगहों पर मतदान का बहिष्कार किया है। खंडवा- बुरहानपुर में 10 जगहों पर ईवीएम खराब भी हुई हैं।
बुरहानपुर के नेपानगर के मराठी स्कूल पोलिंग बूथ के बाहर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच बहस हो गई। यहां किसी ने रसोई गैस का सिलेंडर रखा था। इस पर एक हजार रुपए की पर्ची चस्पा थी। मौके पर पहुंचे भाजपा नेताओं ने इसका विरोध किया। तहसीलदार सुंदरलाल ठाकुर ने सिलेंडर हटवाकर दोनों पक्षों को शांत कराया। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सोहन सैनी का कहना है कि हमारी ओर से सिलेंडर नहीं रखवाया गया।चारों सीटों पर अब तक 13 बैलेट यूनिट, 8 कंट्रोल यूनिट और 13 वीवीपैट बदली गई है। सबसे ज्यादा पांच बैलेट यूनिट पृथ्वीपुर में बदला गया है। इसके बाद खंडवा के पंधाना में चार बैलेट यूनिट बदली गई है।