खंडवा लोकसभा उपचुनाव :ईवीएम लेकर मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए दल

खंडवा। लोकसभा उपचुनाव को लेकर मतदान 30 अक्टूबर को होगा। मतदान के लिए दलों को सामग्री का वितरण शुक्रवार को किया गया। सुबह करीब 9 बजे से मतदान दल ईवीएम लेकर केंद्रों के लिए रवाना होने लगे। पहली बार शहर से बाहर हरसूद रोड पर ग्राम नहलदा के नवीन आदर्श महाविद्यालय में मतदान सामग्री वितरण के लिए निर्वाचन कार्यालय द्वारा व्यवस्था की गई है। मतदान दलों को यहां पहुँचने के लिए मशक्कत के सामना करना पड़ा।
वाहनों के दबाव की वजह से सुबह से हरसूद रोड पर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे मतदानकर्मियों को वाहनों से उतरकर पैदल महाविद्यालय तक आना पड़ा। इधर ट्रैफिक पुलिस भी जाम से निपटने के लिए मशक्कत करती नज़र आई। ट्रैफिक की वजह से मतदान दलों को समय पर सामग्री का वितरण नहीं हो सका।जिले के 1080 बूथ पर 30 अक्टूबर को मतदान होना है। इसमें खंडवा मान्धाता और पंधाना विधानसभा के बूथ शामिल हैं। उपचुनाव के लिए 4500 से अधिक मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 4000 पुलिस कर्मियों का बल तैनात किया गया है।कलेक्टर अनय द्विवेदी ने बताया कि मतदान सामग्री वितरण से लेकर दलों को रवाना करने के लिए व्यवस्था की गई है। दोपहर तीन बजे तक सभी मतदान दल अपने केंद्रों के लिए रवाना हो जाएंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि मतदान दलों को रवाना करने के लिए 300 से अधिक वाहन लगाए गए हैं।