Now Reading
गुना में पेटी कांट्रेक्टर के हाथों में राशन वितरण:विधायक ने वेयर हाउस पर छापा मारा तो हकीकत आयी सामने

गुना में पेटी कांट्रेक्टर के हाथों में राशन वितरण:विधायक ने वेयर हाउस पर छापा मारा तो हकीकत आयी सामने

गुना। दिग्विजय सिंह के भाई और चांचौड़ा से विधायक लक्ष्मण सिंह शुक्रवार को अचानक सरकारी राशन के वेयर हाउस पहुंच गए। यहां उन्होंने राशन वितरण की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि जिस ठेकेदार को राशन वितरण का ठेका दिया गया है, वह खुद काम न कर एक पेटी कांट्रेक्टर से वितरण का काम करवा रहा है। यह देख कर विधायक नाराज हुए और उन्होंने पेटी कांट्रेक्टर को जमकर फटकार लगाई। साथ ही प्रशासन से इस मामले की जांच करने को कहा।

विधायक लक्ष्मण सिंह शुक्रवार को खाद वितरण की व्यवस्था देखने निकले थे। वहां व्यवस्था देखने के बाद वे अचानक सरकारी राशन के गोदाम पहुंच गए। उन्होंने वहां का पूरा जायजा लिया। उन्होंने बताया कि काफी दिनों से राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायत उन्हें मिल रही थी। वह गोदाम पर पहुंचे तो वहां ट्रकों में राशन लोड किया जा रहा था। उन्होंने इससे संबंधित कागज मांगे तो कर्मचारी नहीं दिखा पाए। उन्होंने सरकारी रसीदें मांगी तो वह भी किसी के पास नहीं थी। केवल एक सादे रजिस्टर में उसकी एंट्री की हुई थी। यह देख विधायक काफी नाराज हुए।

उन्होंने ठेकेदार के बारे में पूछताछ को तो पता चला कि जिस ठेकेदार को जिले में राशन वितरण का ठेका है, वह खुद काम न कर पेटी कांट्रेक्टर से काम करवा रहा है। वेयर हाउस पर भी उन्हें मुख्य ठेकेदार की जगह पेटी कांट्रेक्टर ही मिला। उससे उन्होंने पूछा कि किस नियम के तहत वह काम कर रहा है, तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। उन्होंने पेटी कांट्रेक्टर को जमकर फटकार लगाई। सूचना मिलते ही SDM सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।

SDM वंदना राजपूत ने बताया कि विधायक ने वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पेटी कांट्रेक्टर मिला था। मुख्य ठेकेदार वहां नहीं था। विधायक के निरीक्षण के बाद कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी से प्रतिवेदन मांगा गया है। राशन वितरण की व्यवस्था पेटी कांट्रेक्टर को देने का कोई नियम नहीं है। आपूर्ति अधिकारी से यह जानकारी मांगी गई है कि किस नियम के तहत ऐसा किया जा रहा था। JSO की रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

.

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top