प्रियंका की ललितपुर तक ट्रेन यात्रा:खाद के लिए जान देने वाले किसान के परिवार से मिलीं, लखनऊ से रवाना होते समय कुलियों से जाना हाल

कांग्रेस महासचिव और UP प्रभारी प्रियंका गांधी मिशन 2022 को लेकर एक्टिव हैं। शुक्रवार को वे सुबह सात बजे ललितपुर पहुंच गईं। प्रियंका यहां पाली गांव में खाद के लिए जान गंवाने वाले किसान बबलू पाल के परिवार से मुलाकात कर रही हैं। इसके बाद वे दूसरे पीड़ितों से भी बात करेंगी।
ललितपुर में अब तक 4 किसानों की मौत हो चुकी है। ये सभी खाद न मिलने से परेशान थे। दो किसानों की लाइन में लगने के बाद बीमार होने से मौत हुई, तो एक ने फांसी लगा ली। एक हफ्ते से हर दिन किसान आक्रोश जताकर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।ललितपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और राष्ट्रीय सचिव व बिहार प्रभारी बृजलाल खाबरी, बुंदेलखंड प्रभारी प्रदीप नरवाल, राष्ट्रीय महासचिव व मध्य प्रदेश प्रभारी ने प्रियंका गांधी का स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। महिलाओं ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। उनके साथ सेल्फी लेने का भी क्रेज दिखा। स्टेशन से सीधे कार से PWD गेस्ट हाउस पहुंचीं।प्रियंका गांधी कस्बा पाली में खाद नहीं मिलने व कर्ज के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या करने वाले किसान बल्लू पाल के घर पहुंची हैं। इससे पहले 22 अक्टूबर को थाना जाखलौन के ग्राम नयागांव निवासी भोगीराम पाल की मौत खाद के लिए लाइन लगे रहने के दौरान हो गई थी। 25 अक्टूबर को ग्राम मैलवारा खुर्द निवासी सोनी अहिरवार ने फांसी लगाकर की आत्महत्या कर ली थी।
लखनऊ में कुलियों का जाना हाल
इससे पहले 11:30 बजे लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं। यहां पहले उन्होंने स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनका हाल जाना। इसके बाद लखनऊ से ललितपुर की यात्रा उन्होंने साबरमती एक्सप्रेस में AC क्लास में तय की।