आज, पंचतत्व में विलीन होंगे शांति के दूत:डॉ. एसएन सुब्बाराव को जौरा, गांधी आश्रम में दी जाएगी अंतिम विदाई

चंबल के गांधी व डाकुओं को इंसान बनाने वाले डॉ. एसएन सुब्बाराव को आज, अंतिम विदाई दी जाएगी। जौरा स्थित गांधी आश्रम में शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस मौके पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व मीनाक्षी नटराजन सहित तमाम हस्तियां मौजूद रहेंगी तथा शांति के दूत सुब्बाराव को आखिरी विदाई देंगे।
आपको बता दें, कि डॉ. एसएन सुब्बाराव की मुख्य कर्मस्थली मुरैना का चंबल क्षेत्र रहा है। यहां उन्होंने वर्ष 1972 में 600 से अधिक बागियों का आत्मसर्मपण कराया था। इसके साथ ही गांधी आश्रम की नींव रखी थी जिसके बाद आज विश्व के 20 देशों में गांधी आश्रम संचालित हो रहे हैं।
तय कार्यक्रम के अनुसार राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हेलीकॉप्टर से जौरा आएंगे। उनके साथ सचिन पायलट के भी आने की बात कही जा रही है। इसके अलावा अन्य हस्तियां भी पहुंच रही हैं।
दस हजार लोगों के आने की उम्मीद
इस मौके पर जौरा में लगभग 10 हजार से अधिक लोगों की भीड़ होने की बात कही जा रही है। वाहनों की अधिक संख्या को देखते हुए गांधी आश्रम से बहुत पहले ही वाहन स्टेण्ड की व्यवस्था की गई है। उसके बाद लोग पैदल ही गांधी आश्रम तक पहुचेंगे। डॉ. सुब्बाराव का पार्थिव शरीर कल रात को ही जौरा पहुंच चुका है। सुबह से उनके दर्शन करने वालों का तांता लगा हुआ है। लोग आते जा रहे हैं और दर्शन करके एक ही बात कह रहे हैं कि वह युग पुरुष थे, जो सदियों में ही जन्म लेते हैं।