समीक्षा गुप्ता काे पिछडा वर्ग मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला

ग्वालियर । पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता को संगठन में एक साल में दूसरी बड़ी जिम्मेदारी मिली है। पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता को पिछड़ा वर्ग मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान मिला है। इससे पहले पूर्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता के नेतृत्व में बनी नगरीय निकाय चुनाव संचालन समिति में स्थान मिला था। इसे काफी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है, क्याेंकि यह अंचल ही नहीं प्रदेश के पिछड़े वर्ग का भाजपा से जुड़ने का बड़ा दायित्व है। ग्वालियर चंबल अंचल में पिछड़ा वर्ग भाजपा अनुसूचित जनजाति के साथ पिछड़ा वर्ग भी छिटक रहा है। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. के लक्ष्मण ने शनिवार को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा की। प्रदेश से समीक्षा गुप्ता के साथ बुद्ध सेन पटेल विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं।
पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता संगठन के प्रति समर्पित रहे पूर्व पार्षद नरेश गुप्ता की पुत्रबधु हैं। समीक्षा गुप्ता ने पिछला विधानसभा चुनाव जिले की दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर बागी के रूप में लड़ा था। दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी नारायण सिंह कुशवाह पराजित हुए थे। उन्हें पार्टी से निष्कासित भी किया था। अंचल में उपचुनाव से पहले उनकी भाजपा में वापसी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुई थी। पूर्व मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने पूर्व महापौर की घर वापसी का विरोध भी किया था। वापसी के बाद से पूर्व महापाैर समीक्षा गुप्ता संगठन में सक्रिय हैं और एक साल में उन्हें संगठन में दूसरी बड़ी जिम्मेदारी मिली है।