डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने देखा ताजमहल: पति संग किया दुनिया के सातवें अजूबे का दीदार, विजिटर बुक पर लिखा- बेहद खूबसूरत है ताज

डेनमार्क की पीएम मेटे फ्रेडरिकसन आज रविवार सुबह अपने पति बो टेनबर्ग के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचीं। उनके लिए गोल्फ कार्ट का इंतजाम किया गया था। होटल से गोल्फ कार्ट द्वारा सुबह 9.36 बजे ताजमहल के पूर्वी गेट पहुंची। यहां से उनका काफिला ताज में दााखिल हुआ। डेनमार्क की पीएम के साथ प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। गाइड नितिन ने उन्हें ताजमहल के इतिहास और उसकी खूबसूरती के बारे में जानकारी दी। डेनमार्क की पीएम ने अपने पति के साथ ताजमहल में फोटो शूट कराए। उन्होंने ताजमहल देखने के बाद विजिटर बुक में ताज की तारीख करते हुए लिखा कि यह जगह बहुत खूबसूरत है। वो एक घंटे तक ताजमहल में रहीं। इसके बाद 10.36 बजे वो ताजमहल से बाहर आईं।
आज 19 माह बाद कोई राष्ट्राध्यक्ष ताजमहल देखने पहुंचा था। इससे पहले 26 फरवरी 2020 को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ताज देखने आए थे। पीएम मेटे अपने पति बो टेनबर्ग के साथ शनिवार रात आगरा पहुंचीं थीं। एयरफोर्स स्टेशन पर कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दोनों का स्वागत किया। उनका आगरा दौरा पर्यटन और डेनमार्क से संबंधों को लेकर काफी अहम माना जा रहा है।इसके बाद डेनमार्क की प्रधानमंत्री का काफिला आगरा किला रवाना हुआ। उन्होंने सुबह 10.55 बजे आगरा किला में प्रवेश किया। इस दौरान आगरा किला की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिय गया था। सुबह नौ बजे से किले में पर्यटकों का प्रवेश बंद कर दिया गया था। वहीं, डेनमार्क की प्रधानमंत्री के जाने के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। ऐसे में ताज के पश्चिमी गेट पर प्रवेश के लिए पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई।एयरफोर्स स्टेशन पर डेनमार्क की पीएम का बृज के कलाकारों ने मयूर नृत्य कर स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला ताजमहल पूर्वी गेट के पास होटल ओबराय अमर विलास पहुंचा। अब ताज पूर्वी गेट पर स्वागत के बाद उन्हें और उनके साथ आए अतिथियों को पुरातत्व विभाग, CISF और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी सुरक्षा के साथ ताजमहल का दर्शन कराया जा रहा है।
इसके बाद वो 10:30 बजे आगरा किला देखने जाएंगी। वहां किला घूमने के बाद 11:50 बजे वे वापस होटल पहुंचेंगी और दोपहर भोज के बाद डेढ़ बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी। खेरिया एयरपोर्ट पर उनको विदाई दी जाएगी और दो बजे उनका विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा।