भीषण हादसा:टूरिस्ट बस ट्रक से टकराई, 9 यात्रियों की मौके पर ही मौत, 27 घायल; गाय को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में गुरुवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां देवा इलाके में बबुरी गांव के पास एक टूरिस्ट बस और ट्रक की आमने-सामने से टक्कर हो गई। हादसे में 9 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 27 घायल हैं। इनमें कई गंभीर हैं। ऐसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है। सभी घायलों को अस्पताल शिफ्ट कराया जा रहा है। बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने में ट्रक और बस की टक्कर हुई है।
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी। मौके पर JCB बुलाई गई। इसकी मदद से बस और ट्रक को अलग किया गया। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। गैस कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान की कोशिश की जा रही है।
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। वहीं, जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने मृतकों के परिजन को दो-दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी जाने की घोषणा की है।