इस महीने आज चौथी बार महंगे हुए पेट्रोल-डीजल, देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए के पार

भारतीय तेल कंपनियों ने आज फिर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इजाफा किया है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज दिल्ली में डीजल के दाम में 30 और पेट्रोल के दाम में 25 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है। इसके बाद यहां पेट्रोल 102.70 और डीजल 91.13 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। इस महीने ये चौथी बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े हैं। देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार निकल गया है।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम
शहर | पेट्रोल (रुपए/लीटर) | डीजल (रुपए/लीटर) |
श्रीगंगानगर | 114.61 | 104.96 |
अनूपपुर | 113.98 | 102.66 |
परभणी | 111.23 | 99.75 |
भोपाल | 111.14 | 100.05 |
जयपुर | 109.66 | 100.42 |
मुंबई | 108.67 | 98.80 |
दिल्ली | 102.70 | 91.13 |
80 डॉलर के पार हुआ कच्चा तेल
ओपेक (OPEC) के सदस्य देशों की कल हुई बैठक में आशा के अनुरूप परिणाम नहीं आया। उम्मीद थी कि जिस तरह से कच्चे तेल की मांग बढ़ रही है, उसी तरह से इसका उत्पादन भी बढ़ेगा। लेकिन ओपेक ने उत्पादन में रोज सिर्फ चार लाख बैरल की ही बढ़ोतरी का फैसला किया है।
इस वजह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में बाजार का कच्चे तेल की कीमतें करीब ढ़ाई फीसदी चढ़ गई। कारोबार की समाप्ति के अवसर पर ब्रेंट क्रूड तो 81 डॉलर प्रति बैरल के पार चला गया। जानकारों के अनुसार कच्चे तेल (क्रूड ऑइल) 90 डॉलर तकजा सकता है।
आने वाले दिनों में और बढ़ सकते हैं दाम
IIFL सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट (कमोडिटी एंड करेंसी) अनुज गुप्ता कहते हैं कि कच्चे तेल की मांग बढ़ने के कारण आने वाले दिनों में ये 80 डॉलर तक जा सकता है। इससे पेट्रोल-डीजल की कीमत में 2 से 3 रुपए तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
इस साल अब तक पेट्रोल 18.73 और डीजल 17.01 रुपए महंगा हुआ
इस साल 1 जनवरी को पेट्रोल 83.97 और डीजल 74.12 रुपए प्रति लीटर था। अब ये 102.70 और 91.13 रुपए प्रति लीटर पर है। यानी 9 महीने से भी कम में पेट्रोल 18.97 और डीजल 17.01 रुपए महंगा हुआ है।
26 राज्यों में पेट्रोल और 6 राज्यों में डीजल 100 के पार
देश के 26 राज्यों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, आंध्र प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, मणिपुर, नागालैंड, पोंडेचेरी, तेलंगाना, पंजाब, सिक्किम, उड़ीसा, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और राजस्थान के सभी जिलों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।
वहीं उत्तर प्रदेश, गोआ, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंढ में भी कई जगहों पर पेट्रोल 100 रुपए लीटर के पार है। वहीं डीजल की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उड़ीसा, तेलंगाना और राजस्थान में कई जगहों पर ये अभी भी 100 रुपए प्रति लीटर के ऊपर है।