Now Reading
शिवराज का कमलनाथ पर पलटवार:कहा- अपना घर संभाल नहीं पा रहे, बिकाऊ की बात करते हैं

शिवराज का कमलनाथ पर पलटवार:कहा- अपना घर संभाल नहीं पा रहे, बिकाऊ की बात करते हैं

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर पलटवार किया है। भोपाल में रविवार को BJP कार्यालय में पूर्व विधायक सुलोचना रावत और उनके बेटे विशाल को BJP की सदस्यता दिलाने के बाद शिवराज सिंह ने कहा कि कमलनाथ अपना घर संभाल नहीं पा रहे हैं, जबकि बिकाऊ होने का आरोप दूसरों पर लगाते हैं। वे बताए कि जब सरकार में थे, तब वल्लभ भवन (राज्य मंत्रालय) में कौन-कौन दलाली खाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा- कमलनाथ को शर्म आना चाहिए। वे लोगों का सम्मान करना नहीं जानते हैं। भोपाल से लेकर दिल्ली तक यही चल रहा है। सुलोचना रावत और उनके परिवार पर किसी ने कभी उंगली तक नहीं उठाई। इस परिवार का प्रभाव अलीराजपुर में है। इसका आदिवासी क्षेत्र में काम किया है, लेकिन कमलनाथ-दिग्विजय ने साफ-सुधरी छवि वाले लोगों का कभी सम्मान नहीं किया।

आंतरिक गतिरोध के लिए राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया
शिवराज ने पंजाब और छत्तीसगढ़ कांग्रेस में चल रहे आंतरिक गतिरोध को लेकर राहुल गांधी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा-राहुल बाबा सक कुछ उजाड़ने में लगे हैं। पंजाब में अच्छी खासी चलती सरकार का कबाड़ा कर दिया और दोष हमें (बीजेपी) दे रहे हैं। छत्तीसगढ वाले दिल्ली में गदर मचा रहे हैं।

एक दिन पहले कमलनाथ ने शिवराज को रेस करने की चुनौती दी थी। इसका जवाब देते हुए शिवराज ने कहा कि मैं कमलनाथ के साथ रेस करने का पाप कभी नहीं कर सकता। मैं उनका कोई दुश्मन नहीं हूं। उन्होंने कमलनाथ से सवाल किया- वे बताए अलीराजपुर में कांग्रेस ने क्या किया? 15 महीने की सरकार में इस आदिवासी जिले को एक सड़क तक नहीं दी थी। कांग्रेस आदिवासियों में सिर्फ भ्रम फैलाने का काम कर रही है।

सुलोचना बोली- कांग्रेस नेतृत्व कमजोर हो गया
BJP की सदस्यता लेने के बाद सुलोचना रावत ने कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व कमजोर हो गया है। यही कारण है कि मैंने कांग्रेस को छोड़कर BJP की सदस्यता ली है। कांग्रेस ने आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय मंत्रालय बनाकर कर इस वर्ग के उत्थान की शुरुआत की थी।

आदिवासियों का अपमान कर रही कांग्रेस
BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों का अपमान कर रही है। यही वजह है कि अलीराजपुर में इस वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाली सुलोचना रावत व उनका परिवार कांग्रेस से दुखी था। कांग्रेस उन्हें अब बिकाऊ कर रही है। इसका जवाब जोबट उप चुनाव में जनता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को देगी।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top