पृथ्वीपुर उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने नितेंद्र सिंह को बनाया प्रत्याशी

भोपाल । कांग्रेस ने पृथ्वीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए नितेंद्र सिंह राठौर को प्रत्याशी घोषित किया है। नितेंद्र विधायक स्व. बृजेंद्र सिंह राठौर के पुत्र हैं। वे पिता के चुनाव का काम लंबे समय तक देखते रहे हैं। कांग्रेस की ओर से बाकी प्रत्याशियों के नाम भी एक-दो दिन में घोषित कर दिए जाने की संभावना है। पृथ्वीपुर बृजेंद्र सिंह राठौर के परिवार की परंपरागत सीट है। वे यहां से लगातार विधानसभा चुनाव जीतते रहे हैं। इस सीट से कांग्रेस की ओर से नितेंद्र का नाम तय माना जा रहा था।
बताया जा रहा है कि नितेंद्र का पिता के समय से ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जीवंत संपर्क रहा है। अब पिता के नाम पर सहानुभूति वोट भी उनके खाते में जाने की संभावना रहेगी। इन्हीं कारणों से कांग्रेस आलाकमान ने नितेंद्र का नाम तय किया है। मालूम हो, विधानसभा की तीन और लोकसभा की एक सीट के लिए प्रदेश में उपचुनाव हो रहे हैं। नामांकन आठ अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे।
किया मंथन : प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने शनिवार को दिन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विजयलक्ष्मी साधौ और रवि जोशी आदि के साथ चर्चा की। इस दौरान प्रत्याशियों को लेकर मंथन किया गया। मैदानी स्थिति की भी जानकारी ली गई। सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि सभी सीटों पर प्रत्याशी लगभग तय गए हैं।नितेंद्र सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा ग्वालियर से और फिर केंद्रीय विद्यालय भोपाल से हायर सेकेंडरी की है। इसके बाद पूसा इंस्टीट्यूट से डिप्लोमा इन होटल मैनेजमेंट किया है। ओरछा में इनका एक होटल अमरमहल है। 2015 में नगर परिषद ओरछा चुनाव में इन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई थी, जिसमें कांग्रेस पार्टी विजय रही थी। 2018 विधानसभा चुनाव में भी इन्होंने अपने पिता ब्रजेन्द्र सिंह राठौर के समर्थन में सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया। इसके बाद लगातार स्थानीय राजनीतिक कार्यक्रमों में सक्रिय रहे। फरवरी 2016 में तत्कालीन प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में पृथ्वीपुर विधानसभा के दिगौड़ा क्षेत्र में लगभग 10 किमी की पदयात्रा की थी।