मानसून ट्रफ लाइन कमजाेर पड़ी, बारिश के अब कम आसार, उमस ने किया बेहाल

ग्वालियर । बुधवार को सुबह से मौसम बदल गया। सुबह से ही काल घटाएं छाई हुई हैं, जिससे सुबह से उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं दूसरी ओर मानसून ट्रफ लाइन कमजाेर पड़ गई है। इस कारण झमाझम के आसार कम ही हैं। अक्टूबर के पहले सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद मानसून की विदाई शुरू हो जााएगी। न्यूनतम तापमान 25 डिसे पर पहुंच गया, जाे सामान्य से ढाई डिग्री अधिक रहा है। इससे रात में उमस रही।
बंगाल की खाड़ी से आया चक्रवातीय तूफान कमजोर पड़कर कम दबाव में बदल गया है, लेकिन सिस्टम से ग्वालियर की दूरी काफी अधिक है। इस कारण असर नहीं दिखा पाया है। गत दिवस हल्के बादल छाए हुए थे, लेकिन दोपहर में बादल छंटने पर सूरज के तेवर तल्ख हो गए, जिससे उमस ने बेहाल कर दिया। 30 सितंबर को मानसून सीजन खत्म हो गया। एक झमाझम बारिश की जरूरत है, लेकिन झमाझम की उम्मीद नहीं दिख रही है। इस बार भी औसत बारिश का कोटा पूरा होने के आसार नहीं है।
चक्रवातीय तूफान कम दबाव का क्षेत्र में बदल गया है। यह अरब सागर में पहुंचने के बाद मजबूत होने के आसार रहेंगे। इससे अरब सागर से नमी आना शुरू हो जाएगी। 4 से 7 अक्टूबर के बीच ग्वालियर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
-29 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र विकसित होकर आगे बढ़ रहा है। यह झारखंड के रास्ते आगे बढ़ रहा है, लेकिन उत्तर प्रदेश तक आते-आते कमजोर पड़ जाएगा। इस सिस्टम से जो नमी आएगी, उससे ग्वालियर में बूंदाबांदी हो सकती है। इसका असर बुधवार को दिख रहा है।