Now Reading
किसानों का भारत बंद:सड़कों पर बैठे किसान नेता; जगह-जगह भारी जाम, कई ट्रेनें रद्द, ग्वालियर में भी विरोध-प्रदर्शन

किसानों का भारत बंद:सड़कों पर बैठे किसान नेता; जगह-जगह भारी जाम, कई ट्रेनें रद्द, ग्वालियर में भी विरोध-प्रदर्शन

तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच किसानों ने आज भारत बंद बुलाया है। बंद का असर अब दिखने लगा है। कई नेशनल और स्टेट हाईवे ब्लॉक कर दिए गए हैं। कई रूट डायवर्ट करने पड़े हैं। ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित है। दिल्ली से जाने वाले कई ट्रेनें रद्द की गई हैं। प्रदर्शनकारी किसानों की योजना सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक चक्का जाम रखने और विरोध प्रदर्शन करने की है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में इस बंद का ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। ग्वालियर में भी भारत बंद का असर देखने को मिल रहा है।

कांग्रेस, RJD, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी और लेफ्ट पार्टियों ने भारत बंद का समर्थन करने का ऐलान किया है। अखिल भारतीय बैंक अधिकारी परिसंघ (AIBOC) ने भी भारत बंद को समर्थन देने की घोषणा की है। वहीं, सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे आंदोलन छोड़कर बातचीत का रास्ता अपनाएं। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार किसानों की आपत्तियों पर विचार करने के लिए तैयार है।

UP में किसानों ने चक्का जाम किया
कृषि कानूनों के विरोध में UP, हरियाणा, पंजाब और दूसरे राज्यों के किसान 10 महीने से धरना दे रहे हैं। कई जगहों पर व्यापारी वर्ग, वकीलों और छात्र भी किसानों के भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। वेस्ट यूपी के 27 जिलों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज अगर आप हाईवे पर निकलने की तैयारी में हैं, तो जरा संभलकर निकलें। सभी मुख्य मार्गों और हाईवे पर किसानों का चक्का जाम रहेगा।

भारत बंद के चलते स्कूल बंद
भारत बंद के चलते हरियाणा में भी नेशनल और स्टेट हाईवे बंद रहेंगे। स्कूलों ने बच्चों की छुटि्टयां कर दी हैं। वहीं हाईकोर्ट ने फिजिकल सुनवाई पर रोक लगा दी है। CM मनोहर लाल ने कहा कि लोकतंत्र है। किसान आंदोलन करें, लेकिन मेरी अपील है कि शांतिपूर्वक करें। किसी को जबरदस्ती बंद करने के लिए न कहें। लोकतंत्र में सभी को अपनी व्यवस्था के तहत काम करने का अधिकार है। प्रदेश में सुरक्षा चाक चौबंद है। पूरी व्यवस्था बनी रहेगी।

पंजाब में भारत बंद का बड़े पैमाने पर असर
पंजाब के लुधियाना में लाडोवाल टोल प्लाजा और MBD मॉल फिरोजपुर रोड पर किसान लगातार धरना दे रहे हैं। सोमवार को इन मार्गों को सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक बंद रखा जाएगा। स्कूल, कॉलेज और यूनिवर्सिटी बंद रहेंगे। एग्जाम ऑनलाइन होंगे और टीचर वर्क फ्राम होम करेंगे। कई स्कूलों ने परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। किसानों के समर्थन में टैक्सी सेवा भी बंद रहेंगी। बस स्टैंड बंद रहेगा और पेट्रोल पंप भी बंद रहेंगे।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top