Now Reading
नर्स बन पहुंची महिला ने कहा- बच्चे की धड़कन कम चल रही, पर्ची बनवा लाओ; नानी लौटी तो बच्चा गायब

नर्स बन पहुंची महिला ने कहा- बच्चे की धड़कन कम चल रही, पर्ची बनवा लाओ; नानी लौटी तो बच्चा गायब

महाराज यशवंत राव होलकर अस्पताल (MYH) में रविवार शाम को एक दिन का बच्चा चोरी होने का मामला सामने आया है। बच्चा चोरी का आरोप एक महिला पर लगा है जो नर्स बनकर आई और बच्चे की नानी के साथ वार्ड से बच्चे को बाहर ले आई। उसने नवजात की नानी को पर्ची बनवाने को कहकर भेज दिया। नानी के जाते ही बच्चे को लेकर अस्पताल से भाग गई।

बच्चा चोरी होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने जमकर हंगामा किया। संयोगितागंज पुलिस ने अज्ञात महिला चोर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्ध महिला को तलाश रही है।

नवजात की नानी राजू बाई ने बताया कि शनिवार रात 2 बजे बेटी रानी को डिलेवरी के लिए एमवाय अस्पताल लेकर आए थे। बेटी को पहली मंजिल पर वार्ड नंबर- 3 के बेड नंबर- 8 पर एडमिट किया गया था। रविवार सुबह पांच बजे बेटी ने एक बच्चे को जन्म दिया। शाम करीब 5 बजे मैं बेटी और नवजात के पास बैठी हुई थी।

इस दौरान मुंह में मास्क लगाकर एक अज्ञात महिला आई। वह करीब 30 साल की रही होगी और उसने सलवार सूट पहन रखा था। उसने मुंह को मास्क और सिर को भी नर्स की तरह ढंक रखा था। वार्ड में सभी बच्चों को चेक करने के बाद वह हमारे पास आई और बच्चे को चेक किया।

चेक करने के बाद उसने बताया कि बच्चे की धड़कन बहुत धीरे चल रही है। उसकी जांच करानी होगी। नानी ने बताया कि इसके बाद मैं और वह महिला बच्चे को लेकर नीचे आए। नीचे आकर उसने कहा कि तुम बच्चे को मुझे दे दो और जल्दी से पर्ची बनवाकर ले आओ। मैंने बच्चे को उसे दे दिया और पर्ची बनवाने चली गई।

पर्ची लेकर वापस लौटी तो वह महिला और बच्चा दोनों ही गायब थे। इसके बाद मैंने उसे काफी जगह पर खोजा, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद समझ में आया कि वह मेरे एक दिन के नाती को चुराकर ले गई। इसी दौरान मेरे दामाद भी अस्पताल पहुंचे गए। उन्हें पूरी बात बताई और फिर पुलिस के पास पहुंची।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top