बोरवेल में गिरा बच्चा:निवाड़ी में 24 घंटे से बोरवेल में फंसा है 5 साल का बच्चा, दोपहर तक रेस्क्यू पूरा होने की उम्मीद

मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के सेतपुरा गांव में 200 फीट गहरे बोरवेल में गिरे बच्चे को 24 घंटे बाद भी नहीं निकाला जा सका है। 5 साल का प्रहलाद कुशवाह बुधवार सुबह 9 बजे अपने ही परिवार के खेत के बोरवेल में गिर गया था। आर्मी उसके रेस्क्यू में जुटी है।
50-60 फीट की गहराई पर फंसा हो सकता है बच्चा
बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर नजर रखने की कोशिश की जा रही है। बोरवेल से 40 फीट दूर पैरेलर खुदाई की जा रही है। करीब 45 फीट की खुदाई हो चुकी है। अनुमान है कि बच्चा 50-60 फीट नीचे फंसा हो सकता है। रेस्क्यू टीम को उम्मीद है कि दोपहर तक बच्चे को निकाल लिया जाएगा।
ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ डॉक्टर्स की टीम मौके पर है। कलक्टर आशीष भार्गव और SP वाहिनी सिंह भी मौके पर हैं। पूरा गांव बच्चे के बाहर निकाले जाने का इंतजार कर रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर बच्चे की सलामती की प्रार्थना की है।