पीएम मोदी ने अटल टनल राष्ट्र को किया समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज समुद्र तल से करीब दस हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर बनी विश्व की सबसे लंबी 9.02 किलोमीटर की अटल टनल रोहतांग (Atal Tunnel Rohtang) को देश को समर्पित किया। इस दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी उपस्थित थे।
प्रधानमंत्री सुबह 8 बजे चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। वे इसके कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर से मनाली रवाना हुए। मनाली में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और हिमाचल प्रदेश सरकार के मंत्रियों और सांसदों ने पीएम मोदी का स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर भी उपस्थित थे। इसके बाद पीएम मोदी अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पहुंचे।
पीएम मोदी दोपहर में सिस्सू में जनसभा को संबोधित करेंगे। उनका इसके बाद सोलंगनाला में भाजपा नेताओं को संबोधित करने का कार्यक्रम हैं।
इससे छह माह तक बर्फ की कैद में रहने वाले जनजातीय जिले लाहुल-स्पीति के लोगों की राह रोहतांग दर्रा नहीं रोक सकेगा। चीन सीमा तक सैन्य वाहन व रसद पहुंचाना भी आसान होगा। प्रधानमंत्री मोदी उद्घाटन के बाद विशेष वाहन से सुरंग को निहारेंगे। इसके अंदर बनी आपातकालीन सुरंगों का भी जायजा लेंगे। पीर पंजाल की पहाड़ियों में बनी यह सुरंग लाहुल घाटी समेत चंबा जिले की किलाड़ व पांगी घाटी में विकास की नई गाथा लिखेगी। सुरंग भारतीय सेना को मजबूती देगी। सैन्य वाहनों को सीमा तक पहुंचने में कम समय लगेगा।