24 घंटे में रिकॉर्ड 95 हजार 529 मरीज बढ़े, 73 हजार 57 लोग स्वस्थ

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा गुरुवार सुबह तक 44 लाख 62 हजार 965 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर रिकॉर्ड 95 हजार 529 नए संक्रमितों की पहचान हुई। अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों का ये आंकड़ा सबसे ज्यादा है। इसके पहले 6 सितंबर को 91 हजार 723 नए मरीज मिले थे।
इस बीच, अच्छी खबर ये है कि भारत अब दुनिया का दूसरा देश हो गया है जहां सबसे ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं। यहां अब तक 34 लाख 69 हजार 84 लोग रिकवर हो चुके हैं। बुधवार को 73 हजार 57 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। रिकवरी के मामले में ब्राजील अब तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। यहां अब तक 34 लाख 5 हजार लोग ठीक हुए हैं।
मध्यप्रदेश
राज्य के अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत हो गई है। देवास, जबलपुर, ग्वालियर, शिवपुरी समेत कई जिलों में मंगलवार-बुधवार को यह दिक्कत आई है। देवास के अमलतास अस्पताल में कोरोना मरीज 7 घंटे तक ऑक्सीजन के लिए परेशान रहे। यह परेशानी इसलिए आई, क्योंकि छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र ने सप्लाई रोक दी।
राज्य में अभी कोविड के एक्टिव केस 17 हजार 700 से ज्यादा हैं। इनमें से 20% मरीजों को ऑक्सीजन की जरूरत है। महाराष्ट्र से सप्लाई रोक दिए जाने के बाद एकाएक किल्लत बढ़ गई। अस्पतालों में जुलाई में हर दिन 40 टन तो अगस्त में 90 टन ऑक्सीजन लगी। उधर, इंदौर में लगातार केस बढ़ने के बाद व्यापारियों ने वीकेंड यानी शनिवार को 5 और रविवार को शाम 6 बजे दुकानें बंद करने का फैसला किया है।