Now Reading
पहली बार 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न; महिला हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल पीपीई किट पहनकर अवॉर्ड लेने पहुंचीं

पहली बार 5 खिलाड़ियों को खेल रत्न; महिला हॉकी खिलाड़ी रानी रामपाल पीपीई किट पहनकर अवॉर्ड लेने पहुंचीं

नेशनल स्पोर्ट्स-डे के मौके पर आज खिलाड़ियों और कोच को स्पोर्ट्स अवॉर्ड दिए जा रहे हैं। कोरोना के कारण पहली बार अवॉर्ड सेरेमनी राष्ट्रपति भवन में न होकर वर्चुअल तरीके से हो रही है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अलग-अलग 7 कैटेगरी में 74 खिलाड़ियों और कोच को पुरस्कार दे रहे हैं। खेल रत्न के लिए चुनीं गईं महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल पीपीई किट पहनकर स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के बेंगलुरु सेंटर में अवॉर्ड लेने पहुंचीं।

स्पोर्ट्स अथॉरिटी के अलग-अलग 11 सेंटर्स से 60 खिलाड़ी और कोच अवॉर्ड सेरेमनी के लिए वर्चुअली जुड़े हैं। पहली बार एक साथ पांच खिलाड़ियों को खेल रत्न मिलेगा। इसमें से दो खिलाड़ी रोहित शर्मा और रेसलर विनेश फोगाट सेरेमनी में नहीं शामिल होंगी। विनेश की एक दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जबकि रोहित आईपीएल के लिए यूएई में हैं। इसके अलावा टेबल टेनिस प्लेयर मनिका बत्रा, 2016 के पैरालिंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मरिप्पन थंगावेलु और महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल शामिल हैं। ये सभी साई सेंटर से अवॉर्ड सेरेमनी में जुड़े हैं।

इस मौके पर खेल मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि खिलाडी हमारी राष्ट्रीय संपत्ति है, मैं सभी नागरिको से ये अनुरोध करता हूं कि सभी खिलाडियों का प्रोत्साहन करें। मैं सभी खिलाडियों को अपनी शुभकामनाएं देता हूँ।

4 साल पहले चार खिलाड़ियों को खेल रत्न मिला था

इससे पहले, 2016 में एक साथ 4 खिलाड़ियों को यह अवॉर्ड मिला था। तब रियो ओलिंपिक में सिल्वर जीतने वाली बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, महिला रेसलिंग में ब्रॉन्ज जीतने वाली साक्षी मलिक को यह सम्मान मिला था। इनके अलावा जिमनास्ट दीपा कर्माकर और शूटर जीतू को भी देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मिला था। 2009 में 3 खिलाड़ियों बॉक्सर एमसी मैरीकॉम, विजेंदर सिंह और सुशील कुमार को खेल रत्न दिया गया था।

पांच बार दो खिलाड़ियों को मिल चुका है खेल रत्न
पांच मौकों पर दो खिलाड़ियों को खेल रत्न अवॉर्ड मिला है। सबसे पहले 1997 में वेटलिफ्टर कुंजरानी देवी और टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को यह अवॉर्ड मिला था। 6 साल बाद 2003 में शूटर अंजली भागवत और एथलीट के. बीनामोल को देश का सबसे बड़ा खेल पुरस्कार मिला।

2012 में निशानेबाज विजय कुमार और योगेश्वर दत्त यह सम्मान हासिल करने वाले खिलाड़ी बने। इसके 5 साल बाद फिर से दो खिलाड़ियों देवेंद्र झाझरिया और सरदार सिंह खेल रत्न चुने गए। पिछले साल पैरा एथलीट दीपा मलिक और रेसलर बजरंग पूनिया इस अवॉर्ड से सम्मानित हुए।

रोहित खेल रत्न सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार की शुरुआत 1991 में हुई थी और सबसे पहला अवॉर्ड चेस खिलाड़ी विश्वनाथ आनंद को मिला था। तब से लेकर अब तक 38 खिलाड़ी यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। इसमें रोहित शर्मा चौथे क्रिकेटर हैं। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर(1997), महेंद्र सिंह धोनी (2007) और विराट कोहली(2018) में यह अवॉर्ड हासिल कर चुके हैं।

विनेश खेल रत्न पाने वालीं पांचवीं रेसलर
इस साल कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वालीं देश की पहली महिला रेसलर विनेश फोगाट को भी खेल रत्न मिलेगा। लेकिन कोरोना के कारण वे वर्चुअल अवॉर्ड सेरेमनी में शामिल नहीं हो पाएंगी। विनेश यह अवॉर्ड पाने वालीं पांचवीं रेसलर हैं।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top