धोनी के रिटायरमेंट पर पत्नी साक्षी ने कहा- यकीन है आपने आंसुओं को रोका होगा

दुनिया के सफल कप्तानों में शामिल महेंद्रसिंह धोनी ने शनिवार को अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर फैंस को चौंका दिया। MS Dhoni ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर लिखा कि अब उन्हें रिटायर समझा जाए। धोनी के इस फैसले से उनके फैंस समेत वर्तमान और पूर्व क्रिकेटर भावुक हो गए। पत्नी Sakshi Dhoni ने MS Dhoni को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, आपने जो कुछ भी हासिल किया उस पर आपको गर्व होना चाहिए।
Sakshi Dhoni ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए धोनी के संन्यास के फैसले पर अपना रिएक्शन दिया। उन्होंने डूबते सूर्य की तरफ देखते हुए MS Dhoni की फोटो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘आपने जो कुछ भी हासिल किया उस पर आपको गर्व होना चाहिए। खेल को अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए आपको बधाई। मुझे आपकी उपलब्धियों पर और बतौर इंसान आप पर गर्व है। मुझे यकीन है कि खेल को अलविदा कहते हुए आपने अपने आंसुओं को रोका होगा। आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशियां और भविष्य में शानदार चीजों के लिए शुभकामनाएं।’ उन्होंने इसी के साथ एक अंग्रेजी कवि की लाइनें भी लिखी, ‘लोग भूल जाएंगे आपने क्या कहा, लोग भूल जाएंगे आपने क्या किया, लेकिन लोग कभी नहीं भूलेंगे कि आपने उन्हें कैसा महसूस कराया।’
महेंद्रसिंह धोनी ने साल 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू किया था। उन्होंने अपना अंतिम मैच 9-10 जुलाई 2019 को वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद से कई बार धोनी के संन्यास की अटकलें लगाई जाती रही और शनिवार को माही ने घोषणा कर इन पर विराम लगा दिया।