Now Reading
मोहन भागवत भोपाल में, दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा- कृपया भाजपा के मुख्यमंत्री व मंत्रियों के आचरण व भ्रष्टाचार की गुप्त रिपोर्ट अवश्य लें

मोहन भागवत भोपाल में, दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा- कृपया भाजपा के मुख्यमंत्री व मंत्रियों के आचरण व भ्रष्टाचार की गुप्त रिपोर्ट अवश्य लें

 

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहनराव भागवत भोपाल में रहकर संघ के कोर कमेटी के सदस्यों के साथ बात करेंगे। वे सोमवार रात को भोपाल पहुंच गए। उनके साथ सर कार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी भी हैं। वे यहां पांच दिन रहकर चिंतन करेंगे। बैठकें केरवा डेम स्थित शारदा विहार में होंगी। इधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा है कि ‘संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत जी का भोपाल शहर में हार्दिक स्वागत। कृपया भाजपा के मुख्यमंत्री व मंत्री गणों के आचरण व भ्रष्टाचार के विषय पर अपने स्वयं सेवकों से गुप्त रिपोर्ट अवश्य लें। शिवराज जी के परिवार जनों का अवैध रेत खनन में सम्मिलित होने की भी जानकारी अवश्य लें।’

  • दूसरे ट्वीट में दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘ मध्यप्रदेश में विधायकों की ख़रीद फ़रोख़्त की भी अवश्य जानकारी लें। संघ इस प्रकार के प्रजातंत्रीय व्यवस्था में विधायकों के आचरण और फिर उन्हें बिना विधायक रहे मंत्री बनाने में क्या सोचता है उसे भी अवश्य स्पष्ट करने की कृपा करें।’
  • अपने तीसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘ हम सनातन धर्म को पालन करने वालों को इस बात पर आपत्ति है मोदी जी आपने किसी भी प्रमाणित शंकराचार्य जी व रामानन्दी सम्प्रदाय के धर्म गुरू को न्यास में स्थान नहीं दिया। शिलान्यास की तिथि भी मोदी जी की सहुलियत से तय की गयी है। क्या यह शुभ मुहूर्त है?’

अरविंद भदौरिया ने दिया था आपत्ति जनक बयान

दरअसल, दो दिन पहले मध्य प्रदेश सरकार में सहकारिता मंत्री अरविंद भदौरिया का भिंड में एक संबोधित करते हुए एक 3 मिनट 47 सेकंड वीडियो सामने आया था। इस वीडियो में भदौरिया पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके बेटे को लेकर अमर्यादित भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के लिए भी अश्लील बातें कहीं। शनिवार रात भदौरिया भिंड में प्रदेश में कमलनाथ सरकार के गिरने की कहानी सुना रहे थे।भदौरिया ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बारे में कहा कि वो काला है, उसका दिल भी काला है। भदौरिया भिंड जिले की अटेर विधानसभा से विधायक हैं। कमलनाथ सरकार का तख्तापलट करने में भदौरिया की भूमिका भी अहम मानी जाती है। वे पहली बार शिवराज सरकार में मंत्री बने हैं। शनिवार को मंत्री बनने के बाद भिंड आए तो उन्होंने सरकार गिरने के कई राज खोले।

उन्होंने कहा कि 22 दिन 22 विधायक (कांग्रेस के) बेंगलुरु में रहे। उससे पहले 13-14 विधायक उनके पास थे। तब दिग्विजय सिंह, उनका बेटा जयवर्धन सिंह और जीतू पटवारी होटल में आए, गुंडागर्दी की। मैंने कहा- मैं चंबल से आता हूं, मेरा नाम अरविंद सिंह भदौरिया है। चंबल का आदमी प्यार से बात करता है, गुंडागर्दी से नहीं। उसके बाद दिग्विजय ने मुझे खरीदने की कोशिश की। मैंने कहा कि तुम्हारे बाप भी मुझे नहीं खरीद पाएंगे। बाद में उन्होंने मेरे भाई को पुलिस थाने बुलवाया। घर पर पुलिस भेजी। मेरे नौकर को पकड़ लिया। फिर भी सरकार नहीं बचा पाए। अरविंद ने पूर्व मंत्री जीतू पटवारी के बारे में भी अपशब्द कहे।

View Comments (0)

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Scroll To Top