उमा भारती से मिलने उनके घर पहुंचे ज्योतिरादित्य सिंधिया

भोपाल। ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार सुबह विशेष विमान से भोपाल पहुंचे। इसके बाद वे सीधे पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेता उमा भारती से मिलने उनके बंगले पर पहुंचे। उमा भारती ने उनका तिलक लगाकर स्वागत किया। इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है। ज्योतिरादित्य सिंधिया आज सीएम शिवराज सिंह चौहान के साथ देवास के हाटपिपलिया जाएंगे।
कैलाश जोशी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे शिवराज व सिंधिया
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी की प्रतिमा का मंगलवार को देवास जिले के हाटपीपल्या में अनावरण होगा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया मंगलवार दोपहर एक बजे हाटपीपल्या जाएंगे और मेला ग्राउंड में जोशी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है और कैलाश जोशी के पुत्र व पूर्व मंत्री दीपक जोशी इन दिनों भाजपा से नाराज चल रहे हैं। भाजपा के शीर्ष नेता इस कार्यक्रम से क्षेत्र में बेहतर माहौल बनाएंगे और दीपक को भी साधने की कोशिश करेंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री चौहान, प्रदेश अध्यक्ष शर्मा और सांसद सिंधिया आगर मालवा जाएंगे। जहां एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे एवं गणमान्य नागरिकों से भेंट करेंगे और फिर भोपाल लौटेंगे