प्रदेश में अब अच्छी बारिश होने के आसार

भोपाल। वातावरण में बड़े पैमाने पर नमी मौजूद रहने से मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर बौछारें पड़ने का सिलसिला जारी है। हालांकि मानसून द्रोणिका सक्रिय होकर मप्र से गुजर रही है। अन्य दो ट्रफ भी मप्र से होकर जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है।
शुक्रवार से प्रदेश में बरसात की गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इन सिस्टम के असर से शुक्रवार से प्रदेश में बरसात की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि मानसून द्रोणिका लाइन (ट्रफ) दतिया से होकर गुजर रही है। इसी तरह राजस्थान से उत्तरी मप्र होकर एक ट्रफ उड़ीसा तक बना हुआ है। पूर्व उप्र से पूर्वी मप्र होकर एक ट्रफ विदर्भ तक बना हुआ है। एक ऊपरी हवा का चक्रवात दक्षिण गुजरात पर बना हुआ है।