विशाखापट्टनम: फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक, 2 लोगों की मौत, 4 अस्पताल में भर्ती

विशाखापट्टनम (Visakhapatnam) में एक फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक होने की घटना सामने आई है। इस घटना में अब तक 2 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। वहीं गैस से प्रभावित 4 लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उनका इलाज जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गैस लीक की घटना परवदा में स्थित जवाहर लाल नेहरू फार्मा सिटी में हुई है। यह हादसा सोमवार रात 11.30 बजे के आसपास घटा। यहां सैनार लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से Benzi Medizol जहरीली गैस लीक हुई। इसकी चपेट में कंपनी में काम कर रहे 6 कर्मचारी आ गए थे। इसमें से 2 की मौत हुई है।
फैक्ट्री इंचार्ज की इस हादसे में मौत हो गई है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि तीन लोगों को खतरे से बाहर बताया जा रहा है। हादसे में जान गंवाने वालों में शिफ्ट इंचार्ज भी शामिल है। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है।
परवदा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर उदय कुमार ने बताया कि ‘2 लोगों की मौत हो गई और 4 को अस्पताल में भर्ती किया गया है। हालात नियंत्रण में हैं। जिन दो लोगों की मौत हुई है वे कर्मचारी थे और लीकेज के वक्त वहां मौजूद थे। गैस और कहीं नहीं फैली है।’