मायावती ने कहा- राजनीतिक फायदे के लिए सत्ता का दुरुपयोग कर रही केंद्र सरकार

लखनऊ. उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने बुधवार को कांग्रेस और केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। मायावती ने कहा कि मोदी सरकार भी कांग्रेस के रास्ते पर ही चल रही है और अपने राजनीतिक फायदे के लिए सत्ता का दुरुपयोग करने में लगी है। बसपा प्रमुख का आज 64वां जन्मदिन है।
मायावती ने अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों की वजह से ही देश में चारों तरफ अस्थिरता का माहौल पैदा हो गया है और कानून व्यवस्था की स्थिति खराब बनी हुई है। यह देश के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
पुलिस कमिश्नर प्रणाली से नहीं होगा कोई सुधार, यूपी में है जंगलराज
मायावती ने यूपी में लागू पुलिस कमिश्नर प्रणाली को लेकर कहा कि इससे उप्र में हो रहे अपराधों में कोई कमी नहीं आएगी। मैं नहीं मानती कि इससे राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति में किसी तरह का सुधार आएगा। खुद भाजपा में ही कई तरह के आपराधिक तत्व भरे हुए हैं लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। यूपी में कानून का राज नहीं बल्कि जंगलराज कायम है।
अन्य राज्यों में भी सत्ता से बाहर हो जाएगी भाजपा
मायावती ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था काफी खराब दौर से गुजर रही है। कांग्रेस की गलत नीतियों की वजह से ही जनता ने उसे बाहर का रास्ता दिखया था। अब भाजपा भी उसी के रास्ते पर चल रही है। यदि भाजपा ऐसे ही काम करती रही तो वह देश के बाकी राज्यों में भी सत्ता से बाहर हो जाएगी।
पूर्व सीएम ने कहा कि देश में तनाव और हिंसा फैलाने के मामले में कांग्रेस से भाजपा आगे है। पिछले लोकसभा चुनाव में वह वापस तो आ गई थी लेकिन अब उस तरह का प्रदर्शन दोहराना मुश्किल है। भाजपा के हाथ से एक एक करके राज्य फिसलते जा रहे हैं। भाजपा की हालत कांग्रेस से भी बदतर होगी।