गुटखा कंपनियों पर स्टेट जीएसटी और ईओडब्ल्यू का छापा; 100 करोड़ का मिलावटी गुटखा पकड़ा

भोपाल. राजधानी के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार को तीन गुटखा कंपनियों के कारखानों पर स्टेट जीएसटी, खाद्य विभाग, बिजली विभाग और आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की संयुक्त कार्रवाई की गई है। इन कारखानों में 100 करोड से अधिक की मिलावटी सामग्री, गुटखा बनाने की मशीनें जब्त की गई हैं। साथ ही 500 से ज्यादा बाल मजदूर भी काम करते पाए गए हैं।
ईओडब्ल्यू एसपी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि कर चोरी मामले में अल सुबह गोविंदपुरा क्षेत्र स्थित तीन गुटखा कंपनियों में छापा मारा गया है। इस छापे में कंपनियों में लगभग 5 करोड़ रुपए कीमत का मिलावटी गुटखा पाया गया, जिसे देश के अलग-अलग स्थानों पर भेजने की तैयारी थी। उन्होंने बताया कि कंपनी में लगी मशीन में छेड़छाड कर तय सीमा से अधिक उत्पादन कर कंपनी द्वारा टैक्स चोरी भी की जा रही थी। वहीं बिजली की चोरी करने का मामला सामने आया है। बिजली चोरी कर गुटखा कारखानों में दिन रात उत्पादन किए जाने की भी बात सामने आई है। बिजली चोरी कितनी हुई है। इसका आकलन भी किया जा रहा है।
500 करोड़ की कर चोरी का मामला
गोविंदपुरा में गुटखा कंपनियों के खिलाफ गुटखा की खुले बाजार में बिक्री करने की लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों पर ईओडब्ल्यू ने सभी प्रकार की गोपनीय जानकारी एकत्र करने के बाद छापामार कार्रवाई की रणनीति तैयार की थी। गुटखा कारखानों पर की गई संयुक्त कार्रवाई में करीब 500 करोड़ रूपए की कर चोरी करने का मामला भी सामने आया है।
ये हैं गुटका कंपनियां
छापामार कार्रवाई राजश्री गुटखा, कमला पसंद गुटखा और ब्लैक लेबल गुटखा पर की गई है। उत्पादन कर चोरी, बिजली चोरी के साथ सरकार को विभिन्न करों की चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं।