पुलिस कर्मियों को मिलेगा ‘वीकली ऑफ’, विधानसभा के अगले सत्र में प्रस्ताव लाएगी शिवराज सरकार

मध्य प्रदेश पुलिस कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर है कि उन्हें जल्दी ही वीकली ऑफ (साप्ताहिक अवकाश) मिलने लगेगा। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सरकार विधानसभा के अगले सत्र में विधिवत प्रस्ताव लेकर आएगी।
उन्होंने आगे लिखा- पुलिस जवानों को भी अपनी सेहत और परिवार का ध्यान रखने के लिए साप्ताहिक अवकाश मिलना चाहिए। कोरोना के संकंट में लॉकडाउन के दौरान पुलिस ने सेवा की मिसाल पेश की है। जब लोग अज्ञात आशंकाओं के खौफ से अपने घरों में कैद होकर रह गए थे, उस समय पुलिस के जवान गर्मी की परवाह किए बिना खुले आसमान के नीचे चौराहों पर मुस्तैद थे। उनकी सेवाएं वंदनीय रही हैं।
प्रदेश में फील्ड में तैनात करीब 56 हजार पुलिस कर्मियों में से रोजाना 8 हजार का स्टाफ साप्ताहिक अवकाश पर रहेगा। भोपाल में पदस्थ करीब 4500 पर 650 पुलिस कर्मी रोजाना अवकाश पर रहेंगे। यानी अवकाश देना है तो प्रदेश में 8 हजार पुलिस कर्मियों की व्यवस्था करनी होगी। हालांकि प्रदेश में 4 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इससे पुलिस पर ज्यादा काम करने का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा।