बुलंदशहर में पूर्व MLA के बेटे की गोली लगने से मौत, पुलिस ने बंदूक जब्त किया; सुसाइड की बात आई सामने

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भाजपा के पूर्व विधायक होराम सिंह के बड़े बेटे महेश (32) की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। गोली चलने की आवाज पाकर परिजन घटनास्थल की तरफ दौड़े तो देखा कि महेश का शव जमीन पर पड़ा था। खुर्जा नगर कोतवाली प्रभारी डॉक्टर MK उपाध्याय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला सुसाइड का लग रहा है।
प्रभारी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त दोनाली बंदूक को कब्जे में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि महेश ने खुद को गोली मारी या किसी ने हत्या की है। मामले की जांच जारी है।
यह है पूरा मामला
यह पूरा मामला थाना क्षेत्र के किला मेवई गांव का है। भाजपा नेता होराम सिंह दो बार जेवर से विधायक व एक बार बसपा से खुर्जा सीट से विधायक रहे हैं। शनिवार सुबह उनके बड़े बेटे महेश की गोली लगने से मौत हो गई। दिवाली के दिन जवान बेटे की मौत से पूरा परिवार बेहाल है। पूर्व विधायक होराम सिंह की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महेश ने खुद को गोली मारकर सुसाइड किया है। अभी परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। सुसाइड का कारण क्या है? इसकी जांच चल रही है।
बहनोई की मौत का जिम्मेदार माना जा रहा था
मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले मृतक के बहनोई की कोरोना से मौत हो गई थी। बहनोई की मौत का जिम्मेदार महेश को कहा गया। जिसके चलते वह तनाव में रहता था। सुसाइड करने की एक प्रमुख वजह यह भी मानी जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के तीन बच्चे हैं। जिनमें एक 8 माह का नवजात शिशु भी है।