दीपावली की बधाई देने ग्वालियर के बाड़ा पर लगा कांग्रेस का होर्डिंग चोरी

ग्वालियर । धनतेरस व दीपावली के अवसर पर कांग्रेस द्वारा ग्वालियर के महाराज बाड़ा पर बधाई देने के लिए होर्डिंग लगाया था। यह होर्डिंग मंगलवार–बुधवार की दरमियानी रात गायब हो गया। कांग्रेस का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा होर्डिंग चोरी किया गया है। साथ ही कांग्रेस ने किसी अन्य राजनीतिक पार्टी पर चोरी में हाथ होने की भी आशंका जाहिर की है।
मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव धीरज ढींगरा, कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एडवोकेट अमर सिंह माहाैर, वीर सिंह तोमर, पूर्व पार्षद बलराम ढींगरा के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल बुधवार को हुजरात कोतवाली थाना पहुंचा। यहां कांग्रेस द्वारा ग्वालियर के लश्कर सर्किल सीएसपी आत्माराम शर्मा को मामले के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया है कि कांग्रेस का एक विशाल होर्डिंग दीपावली एवं धनतेरस की शुभकामनाएं देने महाराज बाड़ा स्थित डाकघर के सामने पार्क में लगाया गया था। इस होर्डिंग में स्थानीय कार्यकर्ताओं व नेताओं के नाम के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के फोटो भी थे। मध्यरात्रि किसी असामाजिक तत्व या चोरों द्वारा पुलिस चौकी के सामने से कांग्रेस का शुभकामनाओं का होर्डिंग गायब कर दिया गया, जो कि निंदनीय है। ज्ञापन के मध्यम से पुलिस अधिकारियों को अवगत करते हुए लिखा गया है कि जल्द से जल्द सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएं। साथ ही इस निंदनीय घटना को अंजाम देने वालों को गिरफ्तार किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि भविष्य में दोबारा ऐसी कोई घटना न हो। युवा कांग्रेस का कहना है कि होर्डिंग चोरी करने वालों पर कार्रवाई करने पर पुलिस प्रशासन की सराहना रहेगी। जिसके लिए कांग्रेस द्वारा पुलिस अधिकारीयों का सम्मान किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने पहुंचने वालों में मुख्य रूप से चेतन भार्गव, आबिद खान, सौरव परिहार, इरफान बेग, अजय गुर्जर, राहुल जोतवानी, निखिल नानवानी, नवदीप, इमरान नासिर के साथ ही अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।