भारतीय नौसेना ने दागी एंटी शिप मिसाइल और डूब गया जहाज

भारतीय नौसेना ने अरब सागर में सैन्य अभ्यास का एक हैरतअंगेज वीडियो जारी किया है। यहां एंटी शिप मिसाइल से लक्ष्य पर बेहद सटीक निशाना लगाया गया। सैन्य अभ्यास के दौरान नौसेना ने एक पुराने जहाज को गहरे समुद्र में अपने एंटी शिप मिसाइल (Anti Ship Missile ) के अचूक निशाने से ध्वस्त कर उसे डुबो दिया। (नीचे देखें वीडियो) नौसेना के अनुसार इस नौसैनिक अभ्यास के दौरान मिसाइल कैरियर युद्धपोत आईएनएस प्रबल ने शुक्रवार को एक पुराने गोदावरी श्रेणी के डी-कमीशंड जहाज को अरब सागर में निशाना बनाते हुए Anti Ship Missile दागे। इस लक्ष्य पर निशाना इतना सटीक और जबरदस्त था कि यह जहाज नष्ट होकर समुद्र में डूब गया।
नौसेना के मुताबिक मिसाइल ने बेहद घातक सटीकता से अपने अधिकतम रेंज में लक्ष्य पर अचूक निशाना लगाया। नौसेना के इस अभ्यास के दौरान एयरक्राफ्ट कैरियर आइएनएस विक्रमादित्य, दूसरे जहाज, हेलीकाप्टर, मिसाइल और तमाम अन्य युद्धक हथियार शामिल किए गए थे। नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने गुरुवार को नौसेना के तमाम बेस के प्रमुखों के साथ नौसेना की सामरिक चुनौतियों के मद्देनजर आपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की थी।