सांची में पोलिंग बूथ पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे सीएम शिवराज, भीतरघात की चिंता

रायसेन। सांची उपचुनाव में भाजपा संभावित भीतरघात से चिंतित है। चुनाव परिणाम पक्ष में ही रहे इसको लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति में भी बदलाव किया है। चार दिन पहले गैरतगंज में सभा करने आये मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज हरदौट गांव में आकर पोलिंग बूथ पर भाजपा कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगें। प्राप्त जानकारी अनुसार सांची विधानसभा के ग्राम हरदौट के 3 मतदान केंद्र के कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 3 बजे क्रमशः अलग-अलग संवाद स्थापित करेंगे।
यह जानकारी देते हुए सांची उपचुनाव के प्रभारी रामपाल सिंह ने बताया कि जिन 28 विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहे हैं उनके प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान केंद्र के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें कोई न कोई पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि उसी कड़ी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हरदौट ग्राम के तीनों मतदान केंद्र के कार्यकर्ताओं से अलग-अलग संवाद स्थापित करेंगे।