सतना में कांग्रेस के पदाधिकारी पर लव जिहाद का मामला सामने आने के बाद उज्जैन में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने सोमवार को जमकर हंगामा किया। कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए भाजयुमो कार्यकर्ता पुलिसवालों पर ही भड़क उठे। पुतला दहन के बाद उसे बुझाने पहुंचे पुलिसकर्मियों से जमकर धक्का-मुक्की की। इस दौरान धक्के में एक जवान गिर भी गया। पुलिस ने मामले को संभालने की कोशिश की तो इन्होंने जवानों को धक्का देते हुए दूर तक धकेल दिया।
उज्जैन के टावर चौक पर कांग्रेस का पुतला जला रहे भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं की रंगबाजी सोमवार को पुलिसकर्मियों पर देखने को मिली। दरअसल, सतना में कांग्रेस के एक पदाधिकारी के लव जिहाद का मामला सामने आने के बाद युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने टावर चौक पर कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कांग्रेस का पुतला ले आए और उसे जलाने लगे।
पुतला दहन के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने फायर मशीन की मदद से जलते पुतले को बुझाने की कोशिश की। इसी बात से भड़के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जवानों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जमकर धक्का-मुक्की के बाद एक पुलिसकर्मी सड़क पर गिर गया। इनकी ऐसी राजनीति यहीं नहीं रुकी। पुलिस को धक्का देते हुए ये दूर तक ले गए और उनके सामने ही आंख दिखाकर नारेबाजी करने लगे। पूरे प्रदर्शन में पुलिस चुपचाप प्रदर्शन देखते रहे और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला जला दिया।
एएसआई एस मंडलोई ने बताया कि कांग्रेस का पुतला दहन कर रहे थे। जब पुलिस आग बुझाने पहुंची ताे युवकों का कहना था कि अभी पुतले काे जलने दाे। इसी बात काे लेकर धक्का-मुक्की हुई थी। कार्यकर्ताओं द्वारा धक्का देने पर जवान के गिरने को लेकर कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। मैं पूरे समय यहीं पर माैजूद था।