राष्ट्रीय पक्षी मोर का निधन, डायल-100 एवं राजस्व टीम ने दी ससम्मान अंतिम विदाई*

भिण्ड, 29 अगस्त। जिले के लहार अनुविभाग के मिहोना थाना अंतर्गत मछरिया गांव में राष्ट्रीय पक्षी का निधन हो गया। जानकारी के अनुसार श्रीराम सरकार मन्दिर ग्राम मछरया में राष्ट्रीय पक्षी मोर का निधन होने की सूचना डायल 100 को ग्रामीणों द्वारा दी गई, जिस पर भिण्ड कंट्रोल रूम ऑपरेटर दिवाकर तिवारी द्वारा तत्काल एफआरवी वाहन पर ड्यूटीरत आरक्षक शेरसिंह व पायलेट देवेन्द्र शर्मा को घटना विवरण से अवगत कराते हुए रवाना किया गया, साथ ही राजस्व व वन विभाग को सूचित किया गया। डायल-100 व राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी टीम सहित घटना स्थल राम मन्दिर मछरया पहुंचे, जहां मन्दिर में निवासरत लाखन सिंह व पुजारी ब्रजेश तिवारी ने बताया कि विगत 20 वर्षों से उक्त राष्ट्रीय पक्षी मोर इसी मन्दिर पर निवास करता था, शनिवार एकादशी की सुबह पांच बजे पीपल के पेड़ से नीचे गिरा और इसका निधन हो गया। पुलिस डायल-100 सेवा, राजस्व निरीक्षक टीम द्वारा पंचनामा बनाने के उपरांत शास्त्री द्वारा पढ़े गए मंत्रोच्चारण के साथ राष्ट्रीय पक्षी मोर को ससम्मान अंतिम विदाई दी गई।